इन दिनों जिले की मांग को लेकर डीडीहाट और यमुनोत्री में लोग आंदोलन कर रहे हैं। रानीखेत और काशीपुर में भी जिला गठन की मांग उठ रही है, लेकिन पिथौरागढ़ में सीएम के बयान के बाद हाल फिलहाल इन जिलों के अस्तित्व में आने की संभावनाओं को झटका लगा है।
शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिथौरागढ़ शहर का अब काफी विस्तार हो चुका है। इसके साथ ही प्रदेश के बड़े शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। इगास पर्व पर अवकाश को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी लोक संस्कृति से जुड़ा है। आने वाली पीढ़ी भी इस बारे में जाने और यह पर्व हर साल धूमधाम से मनाया जा सके इसके लिए यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों में 24 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है। वहां कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक चंद्रा पंत, मीना गंगोला, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया मौजूद रहे।
सस्ती, सुगम हवाई सेवा के लिए प्रयासरत : सीएम
नैनीसैनी एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवा के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नैनीसैनी से विमान सेवा शुरू करने के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बातचीत हुई है। पिथौरागढ़ से नियमित के साथ-साथ सुगम, सस्ती हवाई सेवा पंतनगर, देहरादून और हिंडन के लिए शुरू हो इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।