बमसेरा के बाली राम घटियाल के घर में कई दिनों से बरात की तैयारी चल रही थी। घर के बड़े पुत्र की शादी से परिवार बेहद खुश था। आशा देवी की खुशियां भी सातवें आसमान पर थीं। बरात की तिथि नजदीक आने के साथ ही रिश्तेदारों ने आना शुरू कर दिया था। बरात के एक दिन पहले महिला संगीत, मेहंदी की रस्म संपन्न कराई गई। दूल्हे की मां ने भी उत्साह के साथ सभी कार्यक्रमों में भागीदारी की। वह सभी आने वालों का गर्मजोशी के साथ स्वागत कर रही थीं। हर ओर उल्लास और खुशी का माहौल था।
बृहस्पतिवार को सुबह से बरात की तैयारी चल रही थी। दूल्हे को तैयार करने के बाद बरात दुल्हन के घर को रवाना करने का कार्यक्रम चल रहा था। करीब 11 बजे बरात को रवाना होना था। दूल्हे की बलाएं ले रही मां उसे सदा-सदा के लिए छोड़कर चल दीं। पल भर में सारी खुशियां काफुर हो गईं। हर कोई हक्का-बक्का रह गया। घर की सजावट फीकी पड़ गई थी। खुशी में शामिल होने आए रिश्तेदारों में भी शोक की लहर छा गई। जिस घर से गाजे-बाजे और धूमधाम के साथ बरात निकलनी थी, वहां से आंसुओं के सैलाब के बीच दूल्हे की मां की अर्थी रवाना हुई। इस दुखद मंजर को देखकर हर किसी की आंख भर आई।
डॉ. बेटे और फार्मासिस्ट पति का प्रयास रहा विफल
मृतका आशा देवी के बेहोश होने के बाद उनके डॉ. पुत्र और फार्मासिस्ट पति ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल अस्पताल भी पहुंचाया गया लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। पति और पुत्र की भरसक कोशिश भी बेकार चली गई।
कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट आदि ने घर जाकर शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाया। घटना पर विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, व्यापार मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, तारा सिंह कपकोटी, सभासद तनुज तिरुवा, पूर्व प्रधान गणेश उपाध्याय सहित तमाम जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने दुख जताया है।
शिक्षक संघ की पदाधिकारी भी रह चुकी हैं आशा देवी
मृतका आशा देवी को 2022 में सेवानिवृत्त होना था। अपने सेवाकाल में वह प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला महामंत्री, ब्लॉक महामंत्री और ब्लॉक कोषाध्यक्ष रहीं। करीब चार साल पहले उनका माध्यमिक में प्रमोशन हुआ था जिसके बाद से वह राइंका कपकोट में तैनात थीं। उनके निधन पर प्राथमिक, जूनियर और माध्यमिक शिक्षक संगठनों ने भी गहरा दुख जताया है।
परिवार को छोड़ गईं रोता-बिलखता
आशा देवी के पति बाला राम घटियाल जिला अस्पताल से चीफ फार्मासिस्ट पद से सेवानिवृत्त हैं। बड़े पुत्र डॉ. बृजेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारखेत में तैनात हैं, जबकि छोटे बेटे ने जेएनएम का कोर्स किया है। छोटे बेटे की शादी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को बड़े बेटे की शादी थी। शादी के बीच हादसा होने से परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।