भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पत्रकारों से सवालों के जवाब में कहा कि गैरसैंण मंडल का शासनादेश जारी नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस मामले में पुनर्विचार की बात कही है। कौशिक ने कहा कि किसी भी निर्णय पर संशोधन की पूरी संभावना रहती है। इस मामले में भी विचार होगा। मालूम हो कि अल्मोड़ा को गैरसैंण मंडल में शामिल करने का काफी विरोध हो रहा है।
बागेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर कहा कि दायित्व का निर्धारण नेतृत्व करता है। कार्यकर्ता की क्षमता के हिसाब से उसका उपयोग किया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जिला विकास प्राधिकरण में वर्ष 2016 की स्थिति को बहाल कर जनभावनाओं के अनुरूप काम किया है। उन्होंने कहा कि चार साल के कार्यकाल में हवाई सेवा, रेल सुविधा में विस्तार हुआ है। आने वाले समय में बागेश्वर में भी रेल का सपना पूरा होगा। सीएम स्वरोजगार योजना, पलायन आयोग का गठन, तीन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस सरकार की बड़ी उपलब्धि है।