उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार रात एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। लेकिन मौसम खराब होने के कारण इस दुर्घटना का पता शनिवार की सुबह लग पाया।
मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त
जानकारी के मुताबिक यह हादसा घाट विकास खंड के घूनी-रामणी मोटर मार्ग पर शुक्रवार रात को हुआ। जिसमें एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में तीन युवा सवार थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई है। यह वाहन रामणी गांव से घूनी जा रहा था।
वीरान और आबादी क्षेत्र से दूर है घटना स्थल
मौसम खराब होने के कारण शुक्रवार रात को दुर्घटना का किसी को भी पता नहीं चल पाया। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वह वीरान और आबादी क्षेत्र से दूर है। शनिवार को सुबह जब रामणी गांव से एक अन्य वाहन घूनी गांव की ओर जा रहा था, तो वाहन में सवार लोगों ने खाई में गाड़ी गिरी देखी।
जिसके बाद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी गई। दुर्घटना में प्रकाश सिंह (30) पुत्र कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह (33) पुत्र कैलाशी सिंह और तोता राम (40) सभी रामणी गांव निवासी की मृत्यु हो गई है।
रुद्रप्रयाग में कार में लगी भीषण आग
वहीं रुद्रप्रयाग में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क के ऊपरी तरफ पहाड़ी से टकरा गई। इस दौरान कार में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार में सवार दो लोगों को बाहर निकाल दिया।
जानकारी के अनुसार निर्वाचन संबंधी कार्यो के लिए जा रहे निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई पंकज कोठियाल एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई उप निरीक्षक दिव्य आलोक प्रभाकर द्वारा घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने राहत-बचाव कार्य में सहयोग दिया। चौकी घोलतीर पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। दुर्घटना का कारण वाहन में अचानक आई खराबी बताई जा रही है।