राजधानी दिल्ली और इसके आसपास बढ़ता कोरोना संक्रमण और किसान आंदोलन दोनों ही नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में क्रिसमस और नए साल के जश्न पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। क्रिसमस के मौके पर तो होटलों को हल्की फुल्की बुकिंग मिली हैं, लेकिन नए साल के लिए अभी तक होटलों को गिनी चुनी ही बुकिंग मिली हैं। ऐसे में पर्यटन कारोबारी मायूस हैं।
बता दें कि पिछले वर्षों तक नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में क्रिसमस और नए साल के मौके पर देशी विदेशी सैलानियों की इतनी भीड़ रहती थी कि सड़कों पर वाहन रेंगने लगते थे, पार्किंग स्थल समय से पहले पैक हो जाते थे, जगह जगह जाम लगने के साथ ही होटलों में नो इंट्री और पैक जैसे बोर्ड लटक जाते थे। लेकिन इस बार स्थितियां इसके एकदम उलट हैं।
नैनीताल और आसपास होटलों को क्रिसमस पर तो बुकिंग मिली हैं लेकिन थर्टी फर्स्ट के लिए बुकिंग नाममात्र की हैं। होटल कारोबारियों की मानें तो राजधानी में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के साथ ही दिल्ली समेत कई प्रांतों में किसान आंदोलन के चलते लोगों ने अपने प्रस्तावित टूर निरस्त कर दिए हैं। ऐसे में कोरोना और किसान आंदोलन नैनीताल और आसपास के पर्यटन व्यवसाय पर भारी पड़ता नजर आ रहा है।
कुछ बुकिंग क्रिसमस की
- इस बार कोरोना के कारण थर्टी फर्स्ट के मौके पर होटलों में बुकिंग नहीं हैं, हां कुछ बुकिंग क्रिसमस की मिली हैं। - दिनेश साह, अध्यक्ष नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
- नए साल के मौके पर इस बार होटल में कोई विशेष कार्यक्रम/पैकेज नहीं रखे हैं, क्योंकि कोरोना संक्रमण के कारण नए साल में होटल में बुकिंग नहीं हुई हैं। - नरेश गुप्ता, प्रबंधक होटल मन्नू महारानी नैनीताल
- किसान आंदोलन के कारण दिल्ली और आसपास के लोग बाहर निकलने के मूड में नहीं हैं। इंट्री प्वाइंट पर कोरोना चेकिंग भी सैलानियों की राह में बाधा बन रही है। - प्रवीण शर्मा, होटल कारोबारी
- इस बार कोरोना, किसान आंदोलन के कारण सैलानी नहीं आ रहे हैं। वहीं थर्टी फर्स्ट वर्किंग डे पर पड़ रहा है। भीमताल और आसपास भी होटलों में अभी तक कोई खास बुकिंग नहीं है। - विनोद गुणवंत, अध्यक्ष ग्रेटर भीमताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भीमताल
- इस बार नैनीताल में नए साल पर सैलानियों की ओर से एडवांस बुकिंग नहीं कराई गई है। इसका असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ेगा। - आलोक साह, पीआरओ होटल एंड रेस्टोरेंट नैनीताल
माल रोड में न लाइटिंग होगी, न सुनने को मिलेगा संगीत
थर्टी फर्स्ट के मौके पर इस बार नैनीताल की माल रोड में न तो लाइटिंग होगी और न ही संगीत सुनने को मिलेगा। बता दें कि वर्ष 2018 तक होटल एसोसिएशन थर्टी फर्स्ट के मौके पर संगीत का कार्यक्रम आयोजित करता था। लाइटिंग और संगीत के बीच नैनीताल आने वाले सैलानी देर रात तक माल रोड में थिरकते नजर आते थे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश साह का कहना है कि इस बार होटल एसोसिएशन ने कोरोना के चलते यह कार्यक्रम न करने का फैसला लिया है। बता दें कि पिछले साल जिला प्रशासन से मतभेद के कारण माल रोड में लाइटिंग और संगीत का आयोजन नहीं हुआ था।