चारधाम यात्रा से पहले केदारनाथ धाम में दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इसके लिए दो सप्ताह के भीतर प्रस्तावित कार्यों की डीपीआर तैयार की जाएगी। शुक्रवार को चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की बैठक में केदारनाथ मास्टर प्लान के तहत अति आवश्यक कार्यों की समीक्षा की गई। दूसरे चरण में 128 करोड़ की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य किए जाने हैं।
गढ़वाल मंडल आयुक्त शिविर कार्यालय में देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह में निर्माण माड्यूल बनाने और दो सप्ताह में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने के निर्देश दिए।
यात्रा सीजन से पहले अति आवश्यक कार्यों में आवासीय परिसर, रावल निवास, पुजारी निवासी, भोग मंडी, तोषाखाना निर्माण पर सहमति बनी है। बैठक में गुजरात से आए आर्किटेक्ट धर्मेंद्र ने प्रस्तावित कार्यों पर प्रस्तुतिकरण दिया गया।
केदारनाथ धाम में दूसरे चरण में 128 करोड़ की लागत के निर्माण कार्य किए जाने है। इसमें कार्यालय भवन, प्रवचन हाल, विश्राम गृह, धर्मशाला, कर्मचारी आवास, रेन शेल्टर, स्टोर समेत अन्य कार्य प्रस्तावित हैं।
इस अवसर पर देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह, देवस्थानम बोर्ड के वित्त नियंत्रक जगत सिंह चौहान ने वित्तीय वर्ष से पूर्व निर्माण प्रक्रिया शुरू किए जाने के सुझाव दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, आईटी सेल से सुधीर नेगी व बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ उपस्थित थे।