नौकरी पाने के लिए लोगों ने पोस्टर में लिखे नंबर पर कॉल करना शुरू कर दिया है। फोन पर अज्ञात युवक खुद को एयरपोर्ट का अधिकारी बताकर नौकरी के लिए दस्तावेज मांग रहा है। इसके बाद ज्वाइनिंग लेटर भेजने की बात कही जा रही है। कुछ लोगों को नौकरी के लिए पंतनगर एयरपोर्ट के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी भेज दिए गए हैं। जब ज्वाइनिंग लेटर लेकर लोग पहुंचे तो एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों को लोगों से ठगी होने का पता चला।
चंपावत के रिटायर्ड फौजी से 10 हजार की ठगी
पंतनगर एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के लिए चंपावत के रिटायर्ड फौजी ने भी आवेदन किया था। इसके लिए ठगों ने उससे बैंक खाते में 10 हजार रुपये डलवा लिए। रुपये देने के बाद उन्हें फर्जी ज्वाइनिंग लेटर व्हाट्सएप पर भेज दिया गया। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचकर जानकारी ली तो फर्जीवाड़ा सामने आया।
पंतनगर एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। शहर में लगे पोस्टरों को यथाशीघ्र हटाया जाएगा। पोस्टर लगाने वाले गैंग का पता लगाया जा रहा है। उड्डयन विभाग में नौकरी के नाम पर लगे पोस्टरों पर कोई भी व्यक्ति कॉल न करे। जागरूकता ही ठगी से बचाव का एकमात्र रास्ता है।
- पूर्णिमा गर्ग, साइबर सीओ कुमाऊं