केजरीवाल ने कहा कि आज उत्तराखंड में दो पार्टियां है। चक्की के दो पाटों की तरह इन दोनों पार्टियों के बीच में उत्तराखंड की जनता पिस रही है। दोनों पार्टियों ने आपस में सेटिंग्स कर रखी है। एक बार तुम, एक बार हम। सत्ताधारी पार्टी के पास सीएम ही नहीं है। कहा कि पहली बार ऐसा हुआ होगा जिसके तहत कोई पार्टी अपने ही सीएम को कह रही है कि हमारा सीएम बेकार है।
कहा कि कांग्रेस एक महीने से विपक्ष का नेता ही नहीं चुन पा रही है। इन पार्टियों को जनता के विकास से कोई लेना देना नहीं है। लोगों की आमदनी बढ़ नहीं रही, खर्चे बढ़ते जा रहे हैं।
उत्तराखंड जो बिजली बनाता है, दूसरे राज्यों को बिजली बेचता है, क्या किसी ने यहां की जनता को मुफ्त बिजली के बारे में सोचा? बिल्कुल नहीं, क्योंकि वह अपनी सत्ता के चक्कर में पड़े हुए हैं। मैंने यहां के एक मंत्री को टीवी में सुना वह कह रहे थे कि हम 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे। सुनकर अच्छा लगा, लेकिन चुनाव के ठीक पहले यह घोषणा पता नहीं पूरी होगी या नहीं।
इस पर 24 घंटे के अंदर ही यहां के सीएम ने कह दिया कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है तो यहां की जनता को छह माह भी इंतजार नहीं करना पड़ा। उत्तराखंड के हर परिवार से कोई न कोई दिल्ली में रहता है। जो काम 70 साल में सभी पार्टियां नहीं कर पाई, वह आज दिल्ली में हो रहा है। वैसा ही विकास यहां उत्तराखंड में भी होगा। मैं उत्तराखंड के लोगों को भरोसा दिलाना चाहूंगा कि जो काम दिल्ली में किए वो तो करेंगे ही, इसके अलावा और काम भी करेंगे। केजरीवाल जो कहता है, वो करता है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्दी ही उत्तराखंड आऊंगा और आपके सामने उत्तराखंड के सीएम फेस की घोषणा करके जाऊंगा। कहा कि आज हमारे देश में दो तरह की शिक्षा है। एक गरीब की और एक पैसे वाले की। यह मुद्दा मेरे दिल के करीब है। हमने दिल्ली में सरकारी स्कूल ऐसे कर दिए कि बड़े-बड़े घर के लोग भी सरकारी स्कूलों में बच्चों के दाखिले कर रहे हैं।
हमने पांच साल से दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों को फीस नहीं बढ़ने दी। आप हमारी सरकार बनवाइये, हम स्कूलों से आपके पैसे वापस कराएंगे। कहा कि जितनी भी राज्य सरकारें हैं, उनके पास पेट्रोल का मामूली टैक्स आता है। इसलिए सबको केंद्र सरकार से टैक्स कम करने की मांग करनी चाहिए। रोजगार को लेकर हमारी पार्टी में पूरा प्लान बन रहा है। हम जल्दी ही अपनी योजना आप सबके सामने रखेंगे।
अंत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जितने भी देशभक्त लोग हैं, जो उत्तराखंड का विकास चाहते हैं। मैं उन सबको आमंत्रित करता हूं कि आप में आएं। और इसके साथ ही उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त हो गई।
हम उत्तराखंड में निगेटिव राजनीति नहीं करेंगेः कोठियाल
इस दौरान आप नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि हम उत्तराखंड में निगेटिव राजनीति नहीं करेंगे। हम गवर्नेंस का अच्छा मॉडल लेकर आएंगे।
कहा कि मैं पहाड़ में विजिट कर रहा था तो महिलाएं सवाल कर रही थी कि हमारी नदियां बिजली पैदा करती हैं तो क्या हम लोगों को मुफ्त बिजली नहीं मिलेगी? अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में साबित करके दिखाया है। तभी दिल्ली के पढ़े लिखे लोग भाजपा, कांग्रेस को छोड़कर आप के साथ चल रहे हैं। कोठियाल ने कहा कि मैं पहाड़ की उन महिलाओं को कहना चाहूंगा कि उनकी समस्याओं के निराकरण की आज से शुरुआत हो गई है। उत्तराखंड में हमारी टीम धीरे-धीरे मजबूत होती जा रही है।