प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार की तरफ से कार्रवाई नहीं होती है तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भाजपा के संगठन पदाधिकारी पर आरोप लगा था और आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा के एक विधायक पर भी एक युवती ने शोषण का आरोप लगाया था और भाजपा की प्रदेश सरकार और संगठन इस मामले को दबाने में जुट गया।
नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के मामले में बुधवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल डीजीपी अशोक कुमार से मिला। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में डीजीपी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भीमताल में कार्यकर्ताओं की सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की। टिप्पणी में नेता प्रतिपक्ष के प्रोटोकॉल, उनके महिला होने की गरिमा तक का ध्यान नहीं रखा गया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि महिलाओं का अपमान पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत के बयान की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेता विकास के मुद्दे पर बहस करने के बजाय महिलाओं को अपमानित करते हैं।
कलेर ने कहा कि मातृशक्ति के संघर्षों से ही उत्तराखंड राज्य मिला है। आज भाजपा नेता महिलाओं को अपमानित कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर की गई टिप्पणी भाजपा नेताओं की मानसिकता को प्रदर्शित करती है।
राजनीतिक रूप से मतभेद हो सकते हैं, लेकिन एक महिला पर भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी ने प्रदेश की मातृशक्ति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के महिलाओं का अपमान करने का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ही भाजपा के कई नेताओं को महिलाओं को अपमानित किया है। इसे पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।