किसानों ने यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम का विरोध करते हुए जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री वापस जाओ, काले कानून वापस लो जैसे नारे लगाए। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से बहुत पहले दीनदयाल चौक पर किसानों को रोक लिया। किसानों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर 50 से अधिक किसानों को गिरफ्तार कर उन्हें पुलिस लाइन रुद्रपुर भेज दिया। सीएम के जाने के बाद किसानों को रिहा कर दिया गया।
बुधवार सुबह दस बजे किसान नवीन अनाज मंडी में एकत्र हो गए। यहां कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने किसानों को काफी समझाया, लेकिन किसान विरोध करने पर उतारू रहे। बाद में 50 से अधिक किसान नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौक होते हुए दीनदयाल चौक पर पहुंचे। किसान मुख्यमंत्री वापस जाओ, काले कानून वापस लो के नारे लगाते हुए दीनदयाल चौक पर पहुंचे यहां पर भारी फोर्स तैनात थी। किसानों को पुलिस ने आगे जाने से रोका तो वे सड़क पर धरना देकर बैठ गए।
भारतीय सिक्ख संगठन के जिलाध्यक्ष संतोख सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच किसानों और पुलिस की तीखी नोकझोंक हुई। यहां वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजीव कुमार सिंह, राजेश प्रताप सिंह, जगजीत सिंह, फिरदौस सलमानी, लखविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, प्रभजोत सिंह आदि थे।
हेलीपैड पर विरोध करने पहुंचे कांग्रेसी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम के बाद जब हेलीपैड पर पहुंचे तो कांग्रेसयिं और किसानों ने वहां हंगामा कर दिया। वे हेलीपैड पर जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस की सख्ती के कारण ऐसा नहीं कर सके। कांग्रेस नेता निर्मल सिंह हंसपाल समेत कई लोग विरोध दर्ज कराने के लिए हेलीपैड के निकट डटे हुए थे। जब सीएम का काफिला वापस हेलीपैड पर पहुंचा तो दर्जनों लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया और हेलीकाप्टर की ओर जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण ये लोग सफल नहीं हो सके। वहां साहब सिंह सेखों, गौरव बेहड़, जगरूप सिंह गोल्डी, इंद्रपाल सिंह रुबल, मनीष चिटकारा, दीप हंसपाल आदि थे।
बाजपुर से भाजपा विधायक काबिना मंत्री यशपाल आर्य के कांग्रेस में जाने के बाद अब बाजपुर से युवा चेहरा राजेश कुमार को तवज्जो मिल रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंच पर संबोधन के दौरान राजेश कुमार की तारीफ की। साल 2012 में राजेश ने बाजपुर से टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला। इस पर उनका 2017 में टिकट फाइनल माना जा रहा था। मगर यशपाल आर्य के भाजपा में आने पर राजेश कुमार को टिकट नहीं मिल सका। आज सीएम ने जब मंच से राजेश की प्रशंसा की तो लोग कयास लगाने लगे कि शायद राजेश को इस बार टिकट मिले।
इंदिरा गांधी मैदान में तिरंगा रहा आकर्षण का केंद्र
इंदिरा गांधी मैदान में लगा तिरंगा आकर्षण का केंद्र बना रहा। तिरंगे के नीचे पंडाल में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। 153 फीट ऊंचे तिरंगे के नीचे आयोजित कार्यक्रम भी देखते ही बन रहा था।
भाजपाइयों ने हेलीपैड पर किया सीएम का स्वागत
भाजपाइयों ने हेलीपैड पर सीएम और उनके साथ आए मंत्रियों का स्वागत किया। चीनी मिल के मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर सीएम का हेलीकाप्टर उतरा तो वहां मौजूद विधायक राजेश शुक्ला, संदीप अरोरा, अमित पुरोहित, विवेक राय, हरीश खानवानी, मूलचंद राठौर समेत तमाम भाजपाइयों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी, जिले के प्रभारी मंत्री यतीश्वरानंद, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत व मंडी समिति के चेयरमैन कमलेंद्र सेमवाल का स्वागत किया।