छह राज्य मार्गों को मिले एनएच का दर्जा
सीएम ने छह राज्य मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसकी सैद्धांतिक सहमति दी थी। उन्होंने 189 किमी के काठगोदाम- भीमताल ध्यानाचुली-मोरनोला- खेतीखान लोहाघाट-पंचेश्वर मोटर मार्ग को एनएच में अधिसूचित करने का आग्रह किया।
जौलिंगकांग और लप्थल आईटीबीपी पोस्ट को टनल मार्ग से जोड़ा जाए
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि भारत-चीन सीमा में वर्तमान में पिथौरागढ़ के जौलिंगकांग आईटीबीपी पोस्ट को चमोली जिले के लप्थल आईटीबीपी पोस्ट से जोड़ने का मार्ग नहीं है। इसे टनल मार्ग से जोड़ा जाए। इससे दोनों सीमा पोस्ट की दूरी 404 किमी कम होगी। पिथौरागढ़ से लिपुलेख, गुंजी गांव से जौलिंगकांग तक सड़क का निर्माण बीआरओ की ओर से करने का पहले ही सहमति दे चुका है।
मानसखंड परियोजना में सड़कों के लिए मांगा 1000 करोड़
सीएम ने मानसखंड परियोजना के तहत 16 पौराणिक मंदिरों के लिए डबल लेन सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 1000 करोड़ रुपये मांगे हैं। सड़कों को चौड़ा करने के लिए भूमि अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से कर रही है। सड़कों के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय से धनराशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री से धामी की यूसीसी पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, इस चर्चा में मुख्यमंत्री ने यूसीसी पर अब तक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने पीएम को बताया कि न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति ने यूसीसी का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। यह ड्राफ्ट राज्य सरकार को सौंपा जाएगा। माना जा रहा है कि इस हफ्ते यूसीसी पर कोई बड़ा निर्णय हो सकता है।