सीएम पुष्कर सिंह धामी ने यमुना घाटी नौगांव क्षेत्र को कृषि मंडी की सौगात देने के साथ ही कई अन्य योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि 25 साल का युवा उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे होगा।
सोमवार को सीएम धामी विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के लिए नौगांव पहुंचे थे। वे करीब 3 बजे बड़कोट हेलीपैड पर पहुंचे। वहां पुलिस ने मुख्यमंत्री धामी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सड़क मार्ग से होते हुए सीएम धामी कार्यक्रम स्थल नौगांव पहुंचे। वहां सीएम ने योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। धामी ने कहा कि ‘चार जुलाई से मैंने मुख्य सेवक के रूप में कार्य करना शुरू किया है। मैंने एक-एक क्षण और एक-एक पल को उत्तराखंड के प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित करने का प्रयास किया है। मेरा पहला कर्तव्य है कि उत्तराखंड के हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कराहट लाऊं।’ कोरोना काल में माता या पिता को खोने वाले बच्चों के लिए वात्सल्य योजना शुुुरू की गई है। हम मन, वचन और कर्म से उत्तराखंड को आने वाले समय में देश का नंबर वन राज्य बनाएंगे।
उत्तराखंड जब 25 साल का युवा होगा तो सारा देश युवा उत्तराखंड को देख रहा होगा। उस समय उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे होगा। इस दौरान पूर्व विधायक पुरोला राजकुमार ने सीएम को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला महामंत्री सतेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष मीना रावत, पूर्व विधायक राजकुमार, मालचंद, राजेश जुवांठा, नगर पंचायत अध्यक्ष शशि मोहन राणा, रंवाई घाटी फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन चंद आदि उपस्थित थे।
संबोधन के बीच में घड़ी पर भी नजर
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री समय को लेकर काफी चिंतित भी दिखे। उन्होंने एक बार घड़ी पर नजर डालकर समय भी देखा। संबोधन में भी कहा कि उन्हें दिल्ली जाना है। यहां आने में विलंब हो गया है। समय की कमी के चलते घोषणाओं में भी जल्दबाजी दिखी जिससे असमंजस की स्थिति भी रही।
संबोधन में केंद्र की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री धामी का संबोधन का अधिकांश हिस्सा केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर रहा। अपने 10 मिनट के संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में कहा। इसके अलावा चार धामों में केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया।
मंच पर बैठने को लेकर हंगामा
जनसभा से पूर्व मंच पर बैठने को लेकर हंगामा हो गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा जैसे ही मंच पर बैठने के लिए बढ़ीं गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने भाजपा जिला संगठन द्वारा दी गई सूची दिखाई जिसमें उनका नाम गायब था। जशोदा राणा दबंगता से मंच तक पहुंचंी और मंच पर मौजूद भाजपा संगठन के लोगों को खरीखोटी सुनाई। पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा और भाजपा संगठन प्रभारी नीरू देवी ने उन्हें शांत करवाया।