बदरीनाथ धाम में बुधवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। अचानक हुई बर्फबारी के बाद धाम में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। सुबह तक बदरीनाथ धाम में मौसम साफ था। लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बर्फ पड़ने लगी। बर्फबारी के कारण यात्री भी ठंड से कांपने लगे। धाम में ठंड बढ़ने पर प्रशासन ने अलाव की व्यवस्था करा दी है। धाम की चोटियां पहले ही बर्फ से ढक चुकी हैं। जिससे पूरे दिन शीतलहर चल रही है। संवाद
5800 यात्रियों ने किए बदरीनाथ के दर्शन
बुधवार को बर्फबारी के बीच ही 5800 तीर्थयात्रियों ने बदरीनाथ के दर्शन किए। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ में बुधवार को हल्की बर्फबारी हुई है और यात्रा सुचारु है। धाम में यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
कई तीर्थयात्रियों ने पहली बार नजदीक से बर्फबारी देखी तो वे ठंड की परवाह किए बिना बर्फ का आनंद उठाने कमरों से बाहर निकले। बदरीनाथ धाम में इस सीजन में 97307 यात्री दर्शन कर चुके हैं। जबकि चारों धामों में अब तक पहुंचे कुल यात्रियों की संख्या 348232 पहुंच गई है। संवाद