शनिवार शाम को जागेश्वर धाम में आकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ अभद्रता और गाली गलौज से नाराज पुजारी सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुजारियों ने इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान भी नहीं कराए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं हो इसके लिए भी कड़े कदम उठाए जाएं।
इस घटना से जागेश्वर धाम के पुजारी और जनता आक्रोशित है। पुजारियों ने सांसद कश्यप के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को सायं तीन बजे से पांच बजे तक जागेश्वर मंदिर परिसर में धरना दिया। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति जागेश्वर धाम में पूजा करने पहुंचे तो वह सामान्य और आम जन की तरह पूजा अनुष्ठान करे।
वीआईपी और वीपीआईपी व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं हो। धरने में पुजारी प्रतिनिधि पंडित भगवान भट्ट, पंडित कमल भट्ट, पंडित कैलाश भट्ट, पंडित गोपाल भट्ट, पंडित आनंद भट्ट, पंडित दीपक भट्ट, पंडित हरीश भट्ट, पंडित पूरन भट्ट आदि रहे।
भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पुरोहितों का अपमान किए जाने से नाराज विपक्षी दल रविवार को सड़क पर उतरे। कांग्रेस के एक गुट ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा तो दूसरे ने गोल्ज्यू दरबार पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पहुंचे कांग्रेसी नेताओं का कहना था कि सांसद ने पुरोहितों और पुजारियों के साथ अभद्रता की। उनके साथ गालीगलौज कर अमर्यादित व्यवहार किया गया।
कांग्रेस पब्लिसिटी कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने कहा कि गोल्ज्यू भगवान उनकी प्रार्थना को जरूर सुनेंगे। ऐसे नेताओं को दंड देकर देवभूमि की जनता के साथ न्याय करेंगे। इस मौके पर पार्षद नीमा भट्ट, रवि जोशी, विनोद दानी, राजेंद्र जीना, मुकुल बल्यूटिया, मोना शर्मा, गोविंद बिष्ट, डॉ. मयंक भट्ट, त्रिलोक बलूनी, देवेंद्र तोलिया, देवेंद्र राणा आदि मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस नेता ललित जोशी ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर सांसद को बर्खास्त करने की मांग की है। इधर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता और कुमाऊं मीडिया प्रभारी दीपक बल्यूटिया ने कहा कि ऐसे नेताओं के खिलाफ न केवल मुकदमा दर्ज होना चाहिए बल्कि भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल जाने से पहले उन्हें चेतावनी भी दी जानी चाहिए।
उक्रांद ने फू्कां धर्मेंद्र कश्यप का पुतला
उत्तराखंड क्रांति दल ने सांसद धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन कर पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद तत्काल जागेश्वर धाम के पुजारियों से माफी मांगें अन्यथा उन्हें उत्तराखंड में घुसने नहीं दिया जाएगा। उक्रांद के पूर्व केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल कहां कि भाजपा सांसद ने जागेश्वर में पुजारियों का अपमान किया है। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने कहा कि भाजपा सांसद ने पुजारियों के साथ अभद्रता कर वास्तविक चरित्र उजागर किया है।