जेपी नड्डा ने कहा है कि जागेश्वर जैसे पूज्य स्थान पर आने से नई ऊर्जा और नई ताकत मिलती है। यहां आकर देश की प्रगति और देशवासियों के मंगल की कामना की है। नड्डा पूजा अर्चना के पश्चात वापस लौटने के दौरान पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जागेश्वर जैसे पूज्य स्थान पर आने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। धाम में रुद्राभिषेक करने के साथ ही हवन किया। धाम में पूजा अर्चना और ह्वन कर मन को शांति मिली है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना कर नई ऊर्जा और नई ताकत मिलती है ऐसे स्थान पर आकर मन आनंदित हुआ है।
जागेश्वर धाम में देश की प्रगति, देशवासियों की मंगल कामना के साथ ही उन्नति की प्रार्थना की है। प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल को नड्डा टाल गए। उन्होंने कहा है कि वह मंदिर में पूजा करने आए हैं।
विश्व कल्याण की कामना के साथ पहुंचे हैं जागेश्वर धाम
बाद में नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि वह विश्व कल्याण की कामना के साथ जागेश्वर धाम पहुंचे हैं। भारतीय जनता पार्टी पूरे विश्व में शांति स्थापित करने के लिए प्रार्थना करती है। जागेश्वर धाम देवदार के बीच बसा एक ऐसा धाम है जहां शांति प्राप्त होती है, जागेश्वर धाम आने से मनुष्य के समस्त कष्ट समाप्त हो जाते हैं।
मनुष्य पूर्णता की ओर प्रस्थान करता है। पूरे विश्व पटल पर जागेश्वर धाम की एक अलग ही आभा है। जागेश्वर धाम आकर आत्म शांति का जो बोध होता है वह विश्व के अन्य स्थानों पर संभव नहीं है। उन्होंने कहा की बाबा भोलेनाथ जैसे शांत स्वभाव के देवता है और गलत होने पर अपना त्रिनेत्र खोल देते है वैसा ही भारत देश भी है जो हमेशा शांत रहता है लेकिन अपने दुश्मनों का अंत करने से पीछे नहीं हटता।
नड्डा ने काफी समय पहले जागेश्वर धाम में महात्युंजय जप कराने की जिम्मेदारी पुजारी लक्ष्मी दत्त भट्ट को सौंपी थी। जागेश्वर धाम में महात्युंजय जप कराने वाले पुजारी लक्ष्मी दत्त भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले से नड्डा ने जागेश्वर धाम में महात्युंजय जप कराने को कहा था। करीब ग्यारह लाख महामृत्युंजय जप किए गए। जप पूरे होने के बाद नड्डा का पूर्व में जागेश्वर आने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन कोविड संक्रमण के चलते नहीं आ पाए थे।
इन पुजारियों ने कराए धार्मिक अनुष्ठान संपन्न
जागेश्वर धाम में बृहस्पितवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पूजा अर्चना मंदिर के पुजारी लक्ष्मी दत्त भट्ट, शुभम भट्ट, आनंद भट्ट, अशोक भट्ट, शेखर भट्ट, विनोद भट्ट, कैलाश भट्ट, तारा भट्ट, भगवान भट्ट, शेखर संगम भट्ट आदि ने संपन्न करवाई।
दो दावेदार की मंदिर के गेट पर हुई कहासुनी
जागेश्वर धाम पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जागेश्वर पहुंचकर मंदिर समिति के प्रबंधक कक्ष में कुछ देर विश्राम किया। लेकिन इस दौरान जागेश्वर मंदिर गेट पर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव की दावेदारी कर रहे दो दोनों नेताओं के मध्य अपने समर्थकों को मंदिर परिसर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए प्रवेश कराने को लेकर कहासुनी हो गई। यह मामला दिनभर जागेश्वर में चर्चा का विषय बना रहा।