प्रदेश में अब तक मात्र 15 फीसदी शिक्षकों को कोविड वैक्सीन लगी है। यह कहना है जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का। संगठन ने मुख्यमंत्री से शिक्षकों की कोविड ड्यूटी लगाने से पहले वैक्सीनेशन की मांग की है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा और महामंत्री राजेंद्र बहुगुणा ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षा के उपाए न किए जाने से अब तक कई शिक्षकों एवं कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद बिना वैक्सीनेशन के शिक्षकों की विभिन्न जिलों में कोविड ड्यूटी लगाई जा रही है। जिससे इन शिक्षकों के संक्रमित होने का खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए शिक्षकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। जिलों में निर्देश जारी किए जाएं कि बिना वैक्सीनेशन किसी भी शिक्षक की कोविड ड्यूटी में न लगाई जाए।
कोविड ड्यूटी लगाने से पहले उनका वैक्सीनेशन किए जाने के साथ ही उन्हें पीपीई किट उपलब्ध कराई जाएं। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की कोविड ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से उनमें नाराजगी बनी है।