किसी के खिलाफ कार्रवाई की तो नहीं चलाएंगे वाहन
सचिवालय संघ के घटक वाहन चालक संघ और सुरक्षा कर्मचारियों ने भी हड़ताल को समर्थन दे दिया है। उन्होंने अपने विभागों में आंदोलन का नोटिस दिया है। साथ ही कहा है कि आंदोलनकारी किसी भी कर्मचारी पर अगर कार्रवाई की गई तो वह वाहन चलाना बंद कर देंगे। सुरक्षा की जिम्मेदारी से भी हाथ पीछे खींच लेंगे।
शिक्षक संघ ने शासनादेश का विरोध किया
अखिल भारतीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ ने सचिवालय कर्मचारियों पर नो वर्क-नो पे का नियम लागू करने का विरोध जताया है। शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश त्यागी ने कहा कि यदि किसी भी राज्य में सरकार की ओर से शिक्षक-कर्मचारियों का उत्पीड़न किया गया तो हमें मजबूरन देशव्यापी आंदोलन करना पड़ेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक कर्मचारियों की मांगों को वार्ता के माध्यम से हल किया जाना चाहिए।
शिक्षक संघ के महामंत्री सुभाष चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में सरकार की ओर से शिक्षक-कर्मचारियों की कोई मांग नहीं मानी जा रही है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का यही अड़ियल रवैया रहा तो आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।