यूपी और उत्तराखंड के कई चेक पोस्ट से गुजरे, किसी को नहीं लगी भनक
हत्यारोपी और उसके साथी बिजनौर में अजय की हत्या करने के बाद शव को लैंसडौन में फेंककर चले गए। बिजनौर और लैंसडौन के बीच करीब 100 किमी की दूरी है। रास्ते में बिजनौर से लेकर कीरतपुर और नजीबाबाद थाने में पड़ता है। वहीं, उत्तराखंड में कोटद्वार और लैंसडौन कोतवाली पड़ती है। इस दौरान हत्यारों ने शव को लेकर वाहन में करीब एक सौ किमी. से अधिक की दूरी तय की। इसके बाद भी किसी थाने और चौकी पर चेकिंग नहीं हुई। जिससे दोनों राज्यों की चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
गबन के मुकदमे की जांच से हुआ अजय की हत्या का खुलासा
मुरादाबाद के कटघर थाने के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि प्रतापगढ़ जनपद का निवासी अजय कुमार (26) पुत्र भोलानाथ मुरादाबाद के कटघर में एक बड़े व्यापारी के यहां नौकरी करता था। उसने यहां पैसे का गबन किया था। जिसकी रिपोर्ट व्यापारी ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए अजय के दोस्त जिला बिजनौर के नहटौर निवासी अनमोल तक पहुंची। बताया जा रहा है कि गबन में अनमोल भी संलिप्त था। अनमोल से सख्ती से हुई पूछताछ के बाद उसने अजय कुमार की हत्या की बात कबूली। बताया कि वह अजय को मुरादाबाद से बिजनौर लाया। जहां उसकी गबन के पैसों को लेकर अजय से तनातनी हो गई। इसके बाद उसने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।