आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस के बीच 20 सालों से फ्रैंडली पॉलिटिक्स चल रही है। जिससे दोनों दलों ने एक-दूसरे के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार पर पर्दा डाला है। इसकी पोल ढैंचा बीज को लेकर कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयान से खुल गई है।
सोमवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता में कर्नल कोठियाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा का चरित्र एक जैसा है। पांच साल तुम लूटो और पांच हम लुटेंगे की फ्रैंडली पॉलिटिक्स को प्रदेश की जनता भलीभांति समझ चुकी है। कांग्रेस व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कोठियाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बयान दिया कि कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते हुए ढैंचा बीज घोटाले में लचीलापन दिखाते हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत पर कार्रवाई होने से बचाया। हरक सिंह ने स्वीकार किया कि उन्होंने उत्तराखंड के सबसे बड़े घोटालों में गिने जाने वाले ढैंचा बीज घोटाले के दोषी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का बचाव किया था और उनके खिलाफ एफआईआर नहीं होने दी।
कोठियाल ने कहा कि ढैंचा बीज घोटाला 2009-10 में सामने आया था। उस समय त्रिवेंद्र सिंह रावत कृषि मंत्री थे। बाजार मूल्य से ऊपर ढैंचा बीज खरीदा गया। जिससे सरकार को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। विजय बहुगुणा के कार्यकाल में इस घोटाले के ऊपर त्रिपाठी आयोग बनाया गया। आयोग ने रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा था कि ढैंचा बीज खरीद में घोटाला हुआ है। लिहाजा, त्रिवेंद्र सिंह रावत पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन दोनों दलों के शासन में घोटाले पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।