सेलाकुई, सतपुली, काठगोदाम और टिहरी में औद्योगिक कंपनियां 100.89 करोड़ रुपये निवेश करेंगी। उत्तराखंड उद्यम एक खिड़की सुगमता अधिनियम के तहत गठित राज्य प्राधिकृत समिति ने इन चार प्रस्तावों को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इनमें से रायसन एनर्जी नाम की कंपनी सतपुली में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करेगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय सभागार में राज्य प्राधिकृत समिति की बैठक में इन प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई गई। इसके तहत फॉर्मासिटिकल और बॉटनिकल प्रोडक्ट बनाने वाली मैसर्स एचएफए फार्मूलेशन प्रा.लि. सेलाकुई (देहरादून) में 25 करोड़ का निवेश करेगी। मैसर्स शारदा हास्पिटैलिटी एलएलपी के काठगोदाम में 17.44 करोड़, मैसर्स मिकाया बेवरेज 46 करोड़ का निवेश टिहरी गढ़वाल के खैराड़ पट्टी लालूर में और सौर विद्युत उत्पादन से जुड़ी मैसर्स रायसन एनर्जी प्रा.लि. सतपुली (पौड़ी) में 12.45 करोड़ रुपये निवेश करेगी।
मुख्य सचिव ने पार्टिकल और फाइबर बोर्ड बनाने वाली कंपनी मैसर्स उषा एल्युमिनियम प्रा.लि. को काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) में प्रस्तावित निवेश संयंत्र के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि इन निवेश प्रस्तावों के लिए सड़क की वांछित चौड़ाई के अनुरूप भूमि उपलब्ध हो जाती है तो इसकी सैद्धांतिक सहमति पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने इस निवेश प्रस्ताव को अगली बैठक में भूमि के प्रावधान को पूरा करवाते हुए चर्चा के लिए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने उद्योग विभाग के अधिकारियों को उत्तराखंड में बेहतर औद्योगिक निवेश का माहौल तैयार करने तथा राज्य की प्रकृति के अनुकूल निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करने के लिए लगातार गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न विभागों को उनके स्तर से की जाने वाली औपचारिकताओं और प्रक्रिया को समय से पूरा करने को कहा। बैठक में सचिव उद्योग सचिन कुर्वे, प्रभारी सचिव राजस्व सुशील कुमार, अपर सचिव नीरज खैरवाल, नेहा वर्मा, विनोद कुमार सुमन, निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।