कुंभ मेले के दौरान स्थापित होने वाले रैन बसेरों में महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन रैन बसेरों का संचालन महिलाओं के हाथों में होगा।
इनकी सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये सीसीटीवी कैमरों की निगेहबानी में होंगे। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने मेला अधिकारी को कुंभ के दौरान ये व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
वह बुधवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में हरिद्वार कुंभ मेला 2021 की तैयारियों की समीक्षा के लिए गठित राज्य समिति की बैठक ले रहे थे।
बैठक में मेलाधिकारी दीपक रावत और मुख्य सुरक्षा अधिकारी कुंभ मेला संजय गुंज्याल ने संयुक्त रूप से अवस्थापना कार्यों, किए गए निर्माण कार्यों, प्रस्तावित निर्माण कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया। इस दौरान प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों, भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा प्रबंधन इत्यादि से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले का आयोजन व्यवस्थित, सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सहज तरीके से होना चाहिए। निर्माण कार्यों और तैयारियों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बरतते हुए कार्य हों।
उन्होंने निर्माण कार्यों और इससे संबंधित विभिन्न गतिविधियों को संपादित करने के लिए गंगा सभा समिति की राय लेने तथा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील कार्यों में पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित करने को भी कहा।
उन्होंने अखाड़ों के भीतर पक्के सुलभ शौचालय बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न सामग्री की आवश्यकता के अनुरूप खरीददारी करने तथा मेले के बाद विभागों के काम आ सकने वाली सामग्री की खरीद को प्राथमिाकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिरीक्षक अभिनव कुमार, प्रभारी सचिव डॉ.पंकज कुमार पांडेय, सुशील कुमार, अपर सचिव नीरज खैरवाल, विनोद कुमार सुमन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।