राज्य गठन के 20 सालों में भाजपा व कांग्रेस सरकारों में 11 मुख्यमंत्री बने हैं। 2002 से 2007 तक एनडी तिवारी सरकार ने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है। इसके बाद किसी भी दल की सरकार में मुख्यमंत्री कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया है। बहुमत के बाद भी राज्य की राजनीति अस्थिरता का नाम नहीं ले रही है।
भाजपा ने साधा क्षेत्रीय व जातीय संतुलन
भाजपा ने युवा चेहरे पुष्कर सिंह धामी को सत्ता की कमान सौंपकर क्षेत्रीय व जातीय संतुलन साधा है। धामी कुमाऊं मंडल के ऊधमसिंह नगर जिले की खटीमा विस सीट से दो बार के विधायक हैं। अब गढ़वाल मंडल के हरिद्वार जिले से मदन कौशिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कुमाऊं से धामी मुख्यमंत्री होंगे। सियासी जानकारों का कहना है कि भाजपा ने यह प्रयोग इस उम्मीद से किया है कि अब सत्ता में कम भागीदारी से बना असंतोष कुमाऊं में कम हो सकेगा।