चमोली जनपद में रुक-रुककर बारिश जारी है। बदरीनाथ हाईवे नगरासू से माणा गांव तक सुचारु है। जिले में 37 संपर्क मोटर मार्ग जगह-जगह मलबा आने से अवरुद्ध पड़े हैं। मौसम के दिनभर खराब रहने के आसार बने हुए हैं। बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है।
गंगोत्री हाईवे सुनगर के पास मलबा व बोल्डर आने से अवरुद्ध
उत्तरकाशी में भी बारिश का सिलसिला जारी है। यहां बुधवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। गंगोत्री हाईवे सुनगर के पास मलबा व बोल्डर आने से अवरुद्ध है। बीआरओ की मशीनें व मजदूर हाईवे खोलने में जुट गए हैं।
टिहरी जिले के नौ ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग बंद
नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए हैं। यहां बारिश की संभावना बनी हुई है। टिहरी जिले के नौ ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य के नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के अन्य इलाकों में तेज गर्जना के साथ तेज बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली की संभावना है।
मौसम के बदले मिजाज के चलते मंगलवार को मूसलाधार बारिश का दौर थम गया। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। इस दौरान कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई, लेकिन झमाझम बारिश के आसार नहीं बने।
राजधानी दून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री के आसपास रहा। आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट के चलते गर्मी से राहत रही।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राजधानी व आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कई दौर की बारिश भी हो सकती है। अगले 48 घंटे तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा।