पौड़ी जनपद की तहसील थलीसैंण की चौथान पट्टी के डडौली मल्ली गांव में बारिश से बरसाती नाले में भारी मलबा व पानी आ गया है। जिससे एक पुल व कई खेतों के बहने की सूचना है।
वहीं पट्टी के ही डुमरीकोट में बरसाती नाले के उफान से बूंगीधार-नागचुलाखाल मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे यातायात ठप हो गया है। तहसील प्रशासन ने लोनिवि को मोटर मार्ग पर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार ने बताया कि नुकसान का आंकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
कोटद्वार-दुगड्डा के बीच बरसाती नाले में आया उफान
लगातार को हाे रही बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच बरसाती नाले में उफान आ गया। पुलिस ने बरसाती नाला पार करने से वाहनों को रोक दिया। करीब 45 मिनट के बाद पानी कम होने पर यहां आवाजाही शुरू हुई।
अल्मोड़ा के नागाड में एक स्कूटी चालक बह गया है। स्कूटी तो मिल गई है, लेकिन फिलहाल चालक लापता है। स्कूटी से मिले कागजात राकेश किरौला पुत्र मोहन सिंह के नाम से हैं।
बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह बंद
चमोली जिले में भी मंगलवार देर रात से बारिश हो रही है। यहां बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह बंद है। जिले में 20 संपर्क मार्ग भी बंद हैं। लगातार बारिश से नदी और नालों में जलस्तर बढ़ गया है।
ऑलवेदर रोड का करीब 20 मीटर हिस्सा ढहा
वहीं उत्तरकाशी में बड़ेथी ऑलवेदर रोड का करीब 20 मीटर हिस्सा ढह गया है। जिससे सड़क के नीचे एक आवासीय मकान को नुकसान पहुंचा है। घटना के वक्त लोगों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई।
यहां चार से पांच मकान खतरे की जद में आ गए हैं। बता दें कि दो माह पहले सड़क पर दरार पड़ गई थी। लेकिन सुरक्षा कार्य की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया।
आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।