उत्तराखंड में मेट्रो रेल के महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट को जोर का झटका लगा है। पिछले सात महीने से इस प्रोजेक्ट पर जुटे दून मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी जितेंद्र त्यागी ने इस्तीफा दे दिया है। कार्पोरेशन के चेयरमैन और सीएस को उन्होंने एक महीने के नोटिस के साथ इस्तीफा भेजा है।
पिछले कई दिनों से एमडी के इस्तीफे की चर्चाएं थीं। बताया जा रहा है कि एमडी को कानपुर मेट्रो रेल समेत कई प्रोजेक्ट के ऑफर हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि फिलहाल वह कहीं नहीं ज्वाइन कर रहे हैं।
एक महीने का नोटिस है, इसलिए इस दौरान पूरा काम करेंगे। इन स्थितियों के बीच, सरकार ने साफ किया है कि एमडी का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है। सरकार ने ये भी कहा है कि किसी भी वजह से मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
एमडी के जाने का ये होगा नुकसान
- फोटो : demo
मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के एमडी जितेंद्र त्यागी ने हालांकि इस्तीफे की वजह साफ तौर पर कुछ नहीं बताई है। मगर माना जा रहा है कि फरवरी में ज्वाइन करने के बाद इस प्रोजेक्ट की प्रगति से वह खुश नहीं थे। बीच में ये भी खबरें आई थीं कि कई महीने से एमडी को सरकार वेतन ही नहीं दे पाई है। कुछ दिन पहले ही वेतन और अन्य खर्चों के लिए शासन ने पांच करोड़ की धनराशि जारी की थी।
एमडी के जाने का ये होगा नुकसान
दून मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का अभी ढांचा खड़ा नहीं हो पाया है। आधारभूत ढांचा खड़ा करने के लिए दो दिन पहले ही कैबिनेट ने चेयरमैन और एमडी को प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार प्रदान किए हैं। इसके अलावा, इस प्रोजेक्ट की डीपीआर भी दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन के स्तर पर तैयार की जा रही है। यह डीपीआर इस महीने के आखिरी तक उत्तराखंड को मिल जाएगी। एमडी का इस्तीफा उत्तराखंड के लिए इस लिहाज से झटका है कि यह प्रोजेक्ट अभी तेजी से आगे बढ़ नहीं पाया है। सात महीने में काफी चीजे एमडी समझ गए थे और इसी हिसाब से काम आगे बढ़ रहा था। नए एमडी की तलाश और इसके बाद नियुक्ति, कामकाज को समझने में लगने वाला वक्त, कई सारी ऐसी बातें हैं, जिनसे दिक्कत पेश आएगी।
दून मेट्रो रेल के पहले फेज का प्लान
बहादराबाद-हरिद्वार से ऋषिकेश
35 किमी लंबा यह ट्रैक प्रस्तावित है, जिसमें 22 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
नेपाली फार्म से आईएसबीटी दून
40 किमी लंबा यह ट्रैक प्रस्तावित है, जिसमें 13 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
आईएसबीटी दून से कंडोली
10 किमी लंबा यह ट्रेक प्रस्तावित है, जिसमें 11 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
दून मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट का हिसाब-किताब
- फोटो : demo
09 करोड़ में तैयार कराई जा रही है मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट की डीपीआर
85 हजार करोड़ का बजट चाहिए प्रोजेक्ट के फर्स्ट फेज के लिए
50 फीसदी खर्च केंद्र करेगा, इतना ही खर्च राज्य भी करेगा वहन
01 लाख यात्री प्रतिदिन मेट्रो रेल के लिए मिलने का अनुमान है
-एमडी ने इस्तीफे की पेशकश की है। मुझे उन्होंने बताया है कि कई जगह से उनके पास कैरियर के लिहाज से बेहतर ऑफर हैं। मैं इतना कहना चाहता हूं कि हम इस प्रोजेक्ट को किसी तरह से प्रभावित नहीं होने देंगे।
-मदन कौशिक, आवास मंत्री।
-मैने एक महीने के नोटिस के साथ इस्तीफा चेयरमैन को भेज दिया है। एक महीने तक काम करूंगा। इस दौरान कुछ अहम बैठकें भी होनी हैं। इसके बाद अपेक्षा रहेगी कि मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाएगा।
-जितेंद्र त्यागी, एमडी, दून मेट्रो रेल कार्पोरेशन।