उत्तराखंड के देवप्रयाग के निकटवर्ती कांडाधार, रामपुर व सामपुर सहित अन्य गांवों में दहशत का पर्याय बना गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। देवप्रयाग से करीब चार किमी दूर दूर खटगीर के समीप एक माह पूर्व बाइक सवार विशंबर सिंह व मदन सिंह पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया था। गुलदार ने कुछ दिन पूर्व दूध व्यवसायी दिगंबर सिंह को भी घायल किया था। गुलदार को पकड़ने के लिए तीन दिन पूर्व वन विभाग ने यहां पिंजरा लगाया।
बृहस्पतिवार सुबह गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पिंजड़े में कैद होने की खबर लगते ही ग्रामीण उसे देखने उमड़ पड़े। बढ़ती भीड़ देखते कर्मी गुलदार को तहसील स्थित वन विभाग चौकी ले आए। वन क्षेेत्राधिकारी माणिकनाथ रेंज देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि गुलदार करीब ढाई साल का है। उसे चिड़ियापुर भेजा जा रहा है। वहीं, कीर्तिनगर तहसील के मलेथा में युवती को शिकार बनाने वाले गुलदार अभी तक नहीं पकड़ा गया है। गुलदार की शिकारी जॉय हुकिल व वन विभाग की टीम तलाश कर रही है।