चुनाव संपन्न कराने के बाद पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम, वीवीपैट मशीन और अन्य मतदान सामग्री जिला मुख्यालय के आईटीआई में बने स्ट्रांग रूम में जमा करा दी हैं। चार जून मतगणना तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सेना, पुलिस बल के जिम्मे रहेगी। निर्विघ्न और सकुशल चुनाव संपन्न होने पर डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने एआरओ, जोनल, सेक्टर, मतदान कार्मिकों, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को बधाई दी है।
लोकसभा चुनाव में इस बार चुनाव की सुरक्षा में करीब 40 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। पुलिस के नोडल अधिकारी एडीजी कानून व्यवस्था एपी अंशुमान ने बताया कि पूरे दिन भ्रमणशील रहने वाला बल निगरानी में जुटा रहा। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम में भी पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि शनिवार से अर्द्धसैनिक बल और बाहरी राज्यों से आई पुलिस फोर्स की वापसी शुरू हो जाएगी। इसके लिए शुक्रवार शाम से ही प्लान तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा अगले चरण के लिए उत्तराखंड से भी पांच कंपनी पीएसी को बिहार भेजा जा रहा है। जल्द ही फोर्स यहां से रवाना हो जाएगी।