ऊधमसिंह नगर जिले में जमातियों की बढ़ती संख्या के बाद रामपुर बॉर्डर पर सख्ती बड़ा दी गई है। एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा ने दो टूक कहा है कि अब जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे मरीज के अलावा किसी को न आने दिया जाए। उन्होंने बॉर्डर पर दूध और सब्जी विक्रेताओं की एंट्री पर भी रोक लगा दी है।
शनिवार को एसपी सिटी ने रामपुर बॉर्डर पर जाकर पुलिस कर्मियों से वार्ता कर कहा कि जमातियों की बढ़ती संख्या अब चिंता का विषय बन गया है। लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सख्ती करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने संदिग्ध लोगों की सूचना तत्काल देने और सड़क पास वाले लोगों को भी एंट्री देने से पहले अधिकारियों से वेरीफाई करने को कहा। कहा सब्जी और दूध विक्रेताओं को बॉडर से नहीं आने दिया जाए।
पंतनगर विवि परिसर के मंदाकिनी भवन में बुधवार को क्वारंटीन किए गए 78 लोगों के खाने पीने की व्यवस्था कर रहे 06 मेस कर्मियों को रुद्रपुर के सिडकुल स्थित जिंजर होटल में क्वारंटीन किया गया है।
जिला प्रशासन ने इन कर्मियों के कई दिनों से क्वारंटीन संदिग्धों के संपर्क में होने से संक्रमण की संभावनाओं के चलते एहतियातन यह कदम उठाया है।
जल्द ही परिसर के अन्य छात्रावासों में क्वारंटीन किए गए संदिग्धों के खानपान की व्यवस्था कर रहे कर्मियों सहित सफाई व्यवस्था में लगे कर्मियों को भी क्वारंटीन किए जाने की संभावना है।