चिन्यालीसौड़ में स्यांसू कंडीसौड़ से मणी कुमराड़ा जा रही एक कार मणी गांव के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नई टिहरी अस्पताल भेजा गया है।
क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक दीपेंद्र चौहान ने बताया कि शनिवार को एक कार टिहरी जनपद के स्यांसू से चिन्यालीसौड़ प्रखंड के मणी कुमराड़ा गांव की ओर आ रही थी। दोपहर ढाई बजे कार मणी गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब बीस मीटर गहरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में कार में सवार स्यांसू गांव निवासी बलवीर सिंह (38) व पत्नी रीना देवी (33) के अलावा बसंती देवी (35) और लक्ष्मी देवी(26) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकालकर उपचार के लिए नई टिहरी अस्पताल भेजा गया।
मसूरी में तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में सात पर्यटकों को चोटें आई हैं। कोल्हूखेत के पास दिल्ली से आए पर्यटकों का वाहन खाई में गिर गया, जिसमें सवार सात लोगों को चोटें आई हैं । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर 108 सेवा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
कोल्हूखेत के पास डीएल 6 सीएन 4634 सफेद रंग की अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार सात लोग घायल हो गए। इसमें तीन महिलाएं, दो पुरुष और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह असवाल ने बताया कि दिल्ली के स्वरूप नगर से मनीष अपने परिवार के साथ मसूरी घूमने आ रहे थे।
लेकिन, मसूरी के कोल्हूखेत के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना में स्वरूप नगर दिल्ली मनीष पुत्र जयनारायण, रूपा पत्नी मनीष, दिव्यांश पुत्र मनीष, निकुंज पुत्र मनीष, रेनू और रेखा मनीष के रिश्तेदार के साथ ही कार चालक दीपक कुमार कृष्णा विहार दिल्ली घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
वहीं, दूसरी घटना मसूरी कैम्पटी रोड पर हुई, जिसमें डीएल 5 सी 9730 ऑल्टो कार का संतुला देवी मंदिर कैम्पटी रोङ के पास सड़क पर बने गड्ढे में टायर फंस गया और कार पलट कर बड़े गड्ढे में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे, जिनको मामूली खरोंच आई है। तीसरी घटना कोल्हूखेत के पास मैगी प्वाइंट के पास वाहन संख्या यूपी 11 बी डब्ल्यू 1071 और पीबी 10 एफडब्ल्यू 9241 की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों वाहनों को नुकसान हुआ है, लेकिन वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। कोल्हूखेत कार दुर्घटना में रेस्क्यू टीम में पुलिसकर्मी अमरेंद्र सिंह, गणेश सिंह नेगी शामिल रहे।