मुजफ्फरनगर से औली जा रही एक कार ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा के पास गहरी खाई में जा गिरी, हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर घायलों को पीठ पर लादकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों घायलों की सीएचसी कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया। दुर्घटना का कारण रोड संकरी होना बताया जा रहा है।
एसआई सुमित चौधरी ने बताया कि शनिवार रात करीब 8.30 बजे कार में सवार तीन लोग मुजफ्फरनगर से औली जा रही थी। इसी दौरान कर्णप्रयाग से करीब तीन किमी आगे उमट्टा में बन रहे नए पुल के पास सड़क संकरी होने से कार अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पूजा (32) निवासी मुजफ्फरनगर( यूपी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मनेंद्र सिसोदिया (30) पुत्र जयबीर सिंह ग्राम कंदोला, तहसील धौलाना जिला हापुड़ (यूपी) और महिमा (26) पुत्री राजेंद्र कुमार निवासी मुजफ्फरनगर घायल हो गए। व्यापारी आशीष डिमरी सहित लक्ष्मण सिंह, भगत सिंह, मुकेश, पप्पू, सोनी कुमार आदि ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी और खुद खाई में उतर गए। उन्होंने घायलों को पीठ पर लादकर पुलिस की मदद से सड़क पर लाकर 108 वाहन से कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचाया।
कोर्ट में मामला पहुंचने पर चौड़ी नहीं हो सकी सड़क
स्थानीय दुकानदार आशीष डिमरी ने बताया कि जहां पर कार गिरी है वहां पर मोटर पुल बन रहा है। बताया जा रहा है कि देहरादून और दिल्ली में बैठकर पहाड़ की चिंता करने वाले पर्यावरणविदें के कोर्ट में जाने के बाद पहाड़ी काटने पर रोक लग गई थी, जिससे सड़क चौड़ी नहीं बन सकी और संकरी सड़क होने के कारण कार खाई में गिरी।
बाइक पर चढ़ी टाटा सूमो, बाल-बाल बचा युवक
तेज रफ्तार से आ रही एक टाटा सूमो बाइक के ऊपर चढ़ गई, गनीमत रही कि बाइक सवार युवक तुरंत बाइक से कूद गया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने वाहन सीज कर चालक नीरज मिश्रा और भूपेश को गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को जमानत पर छोड़ दिया गया।
चौकी प्रभारी जसपाल गुसाईं ने बताया कि टाटा सूमो चालक नीरज मिश्रा व अन्य व्यक्ति भूपेश दोनों शराब के नशे में थे। दोनों का मेडिकल करवाकर विभिन्न धाराओं 184, 85, 181 में चालान कर गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को जमानत पर छोड़ा गया है। टाटा सूमो को सीज कर दिया गया है।