मार्शल आर्ट के मास्टर और शानदार प्रशिक्षक थे चंद्रमोहन
चंद्रमोहन सिंह नेगी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल में चौबीस सितंबर 1987 में कांस्टेबल (जीडी) के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे निरीक्षक (जीडी) के पद पर कार्यरत थे।
बीते छह जून को छुट्टी के बाद ड्यूटी पर वापस गए थे। उनका बेटा गौरव नेगी होटल में कार्यरत हैं। जबकि बेटी दीक्षा पढ़ाई कर रही है। छोटे भाई देवेंद्र नेगी ने कहा कि बलिदानी के बेटे की शादी अप्रैल में हुई है। उन्होंने बताया कि चंद्रमोहन सिंह नेगी चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। आईटीबीपी में वो अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उन्हें मार्शल आर्ट में दक्षता हासिल थी। उन्होंने काफी समय तक आईटीबीपी अकादमी मसूरी में एक कुशल प्रशिक्षक के रूप में भी कार्य किया। कुछ समय पहले ही उन्हें भारत-चीन सीमा पर भारत पोस्ट पर तैनात किया गया था।
सीएम ने आईटीबीपी निरीक्षक के बलिदान पर जताया शोक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमाचल के लाहौल स्पीति में भारत-चीन सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान बलिदान हुए देहरादून निवासी आईटीबीपी के निरीक्षक चंद्र मोहन सिंह के लिए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।