दिल्ली दंगे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड में पौड़ी के रोखड़ा गांव निवासी के पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार ने पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद की है। इससे पहले पीड़ित परिवार को दिल्ली सरकार 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर चुकी है।
भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी नेहा जोशी ने परिवार को एक लाख की सांत्वना राशि प्रदान की है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल मिश्रा भी पीड़ित परिवार को तीन लाख की सहायता देने की घोषणा कर चुके हैं। मिश्रा का रोखड़ा गांव आने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
जिले के पैठाणी थाना क्षेत्र स्थित रोखड़ा गांव निवासी दिलबर सिंह की दिल्ली दंगे में मौत हो गई थी। दिलबर सिंह दिल्ली के सहादरा में किसी निजी व्यावसायिक प्रतिष्ठान में काम करता था। दंगाइयों ने दिलबर पर उस समय अचानक हमला कर दिया, जब वह गोदाम में सो रहा था। रविवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री व श्रीनगर विधायक डा. धन सिंह रावत रोखड़ा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत ने पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इस अवसर पर सहकारी संघ के उपाध्यक्ष मातबर सिंह रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा संपत सिंह रावत, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक नरेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान ग्वींठ प्रेम सिंह, शेखर सिंह, हुकम सिंह कंडारी, शंकर सिंह, राजेंद्र रौथाण व राजेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।