बारिश से रुद्रप्रयाग जिले में 30 सड़कें बंद
जनपद में 30 से अधिक संपर्क मार्ग भूस्खलन व भू-धंसाव के कारण अति संवेदनशील हो गए हैं। एक सौ से अधिक गांवों को जोड़ने वाले मार्गों पर ग्रामीणों को जान हथेली पर रखकर यातायात के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, लोनिवि व पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित मार्गों पर मलबा सफाई, मरम्मत सहित अन्य सुधारीकरण के लिए आपदा सहित अन्य मदों में प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।
बरसात से जनपद में गुप्तकाशी-कालीमठ-चौमासी, मयाली-गुप्तकाशी, मयाली-चिरबटिया-घनसाली राज्य मार्ग की हालत दयनीय बनी हुई है। गांवों के बाजारों तक सब्जी, दूध की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, गणेश तिवारी का कहना है कि बरसात से ग्रामीण मार्गों की स्थिति दयनीय बनी है। बरसात से बाधित होने पर मार्गों को त्वरित खोलने के लिए प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।