सोमवार को कुमाऊं में खराब मौसम के कारण वनाग्नि पर काबू पाने के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका था। हेलीकॉप्टर को सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पर पहुंचना था। विजिबिलिटी की दिक्कत के चलते हेलीकॉप्टर पंतनगर नहीं पहुंच सका। डीएफओ ने बताया कि मंगलवार सुबह हेलीकॉप्टर की मदद से भवाली रेंज और अल्मोड़ा के जंगलों में लगी आग को बुझाया जाएगा। भीमताल झील से हेलीकॉप्टर एक चक्कर में पांच हजार लीटर पानी उठाएगा।
अब तक 1400 हेक्टेयर जंगल खाक
प्रदेश के जंगलों में इस बार सर्दियों में ही आग लगनी शुरू हो गई थी। एक अक्टूबर से लेकर पांच अप्रैल तक करीब 1400 हेक्टेयर जंगल आग के हवाले हो चुका है। जंगल की आग के मामले भी 1100 से अधिक हो चुके हैं।
एक से पांच अप्रैल तक 261 मामले
जंगल की आग वैसे मई और जून में भड़कती है। शुष्क मौसम का ही प्रकोप है कि जंगल की आग ने अप्रैल में ही प्रकोप दिखाना शुुरू कर दिया है। एक अप्रैल से लेकर पांच अप्रैल तक ही कुल 261 मामले सामने आए और 413 हेक्टेयर जंगल खाक हो गया। वन विभाग ने 8.37 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। राहत इतनी है कि मानव और वन्यजीवों को नुकसान का मामला सामने नहीं आया है।