देहरादून जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को जिले में 224 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, एक क्षेत्र कंटेनमेंट जोन मुक्त हुआ तो कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर चार नए कंटेनमेंट जोन बनाने पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि गोलवे कॉटेज, सेंट जार्ज स्कूल, बर्लोंगज, मसूरी में 14 दिन तक गहन निगरानी की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी की संस्तुति के आधार पर क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन से मुक्त किया गया है। वहीं, नगर निगम देहरादून क्षेत्र में मकान नंबर-200 दीपनगर (अजबपुरकलां) व हरियाली एन्क्लेव, लोअर नत्थनपुर और विकासनगर क्षेत्र के तहत वार्ड 3, मुख्य बाजार सहसपुर में कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सोमवार तक कोरोना से पीड़ित मरीजों की 32147 पहुंच गई। इनमें से 29471 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 1251 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं, 4236 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
इसके अलावा सोमवार को विभिन्न राज्यों से आने वाले 1115 लोगों के सैंपल लिए गए। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर 815 सैंपल लिए गए। इनमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सामाजिक दूरी का पालन ना करने व मास्क का उपयोग नहीं करने पर 376 लोगों के चालान किए गए।