उत्तर प्रदेश निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) के पूर्व जीएम शिव आसरे शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी के बाद अब आयकर विभाग के निशाने पर सूबे के पांच अफसर आ गए हैं।
एसए शर्मा से इनका लिंक होने और पैसे के लेनदेन की बाद सामने आने के बाद विभाग ने पांचों अफसरों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में इन अफसरों से अभी जवाब मांगा है, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। आयकर विभाग की टीम ने 17 अप्रैल 2017 को यूपी निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक शिव आसरे शर्मा के ढकरानी स्थित फार्म हाउस पर छापा मारा था। छापे में एसए शर्मा की भारी भरकम कमाई का राज खुला था।
आयकर विभाग ने गहराई से तफ्तीश शुरू की तो परत दर परत जांच की सुई सचिवालय के पांच अफसरों की ओर घूम गई। आयकर सूत्रों के मुताबिक सचिवालय के इन पांच अफसरों के यूपीआरएनएन महाप्रबंधक से पैसों को लेकर लेनदेन सामने आया है। इनमें से एक अफसर के पास तो हीरे होने की भी सूचना है। आयकर विभाग ने इन पांचों अफसरों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। आयकर के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कई और लोग महाप्रबंधक से जुड़े हुए थे, जिनकी पड़ताल तेज कर दी गई है। सचिवालय के जो पांच अफसर जांच की जद में आए हैं, उनके पास अकूत दौलत होने का अनुमान है। सचिवालय के अफसरों में आयकर विभाग की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
ठेके दिलाने के नाम पर वसूली
बताया जा रहा है कि यूपीआरएनएन को तमाम बड़े ठेके दिलाने के नाम पर अफसरों द्वारा मोटी रकम बतौर कमीशन वसूली जाती थी। फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब तक जवाब नहीं मिलेगा और जांच पूरी नहीं होगी, तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
नोटबंदी से शिकंजे में आया था महाप्रबंधक
नोटबंदी के बाद यूपीआरएनएन के महाप्रबंधक शिव आसरे शर्मा शिकंजे में फंसे थे। इस दौरान कई बड़े ट्रांजक्शन हुए थे। इससे आयकर विभाग की जांच की सुई यूपीआरएनएन महाप्रबंधक तक पहुंची थी। एसए शर्मा के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई थी तो बड़े पैमाने पर दौलत सामने आई थी। आयकर विभाग इसी जांच में आगे बढ़ रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर तक जांच पूरी हो जाएगी।