उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 37 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल सिंह को जहां ज्वालापुर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है, वहीं भगवानपुर सीट पर एक बार फिर पार्टी ने कांग्रेस विधायक ममता राकेश के खिलाफ उनके देवर सुबोध राकेश को टिकट दिया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती के आदेश के बाद पार्टी कार्यालय प्रभारी धर्मसिंह की ओर से प्रत्याशियों की यह सूची जारी की गई है। अभी 33 सीटों को लेकर पार्टी को दूसरी सूची जारी करनी है।
भगवानपुर में फिर हो सकती है देवर-भाभी की जंग
बहुजन समाज पार्टी की 37 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के साथ ही एक बार फिर भगवानपुर विधानसभा सीट पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। यहां वर्तमान में कांग्रेस की ममता राकेश विधायक हैं जबकि इस बार उनके देवर सुबोध राकेश भाजपा छोड़कर बसपा से चुनाव लड़ रहे हैं।
दरअसल, भगवानपुर विधानसभा सीट राकेश परिवार के पास रही है। परिसीमन के बाद 2007 में बनी भगवानपुर सीट से बसपा सुरेंद्र राकेश ने भाजपा के चंद्रशेखर को 4133 वोटों से हराया था। 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा के सुरेंद्र राकेश फिर चुनाव जीते। सुरेंद्र राकेश 36,828 वोट हासिल कर 30,047 वोट पाने वाले कांग्रेस के सत्यपाल सिंह को 6781 के अंतर से हरा दिया था। सुरेंद्र राकेश का निधन होने के बाद इस सीट पर उनकी पत्नी ममता राकेश पहले उपचुनाव चुनाव लड़ी और जीती। 2017 के चुनाव में कांग्रेस ने ममता राकेश को उम्मीदवार बनाया और भाजपा ने उनके देवर सुबोध राकेश को टिकट दिया।
देवर-भाभी के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ। ममता राकेश ने इस चुनाव में 44882 वोट हासिल किए थे जबकि उनके देवर सुबोध राकेश ने 42369 वोट मिले। भाभी ने देवर को 2513 यानी 2.70 प्रतिशत वोटों के अंतर से हरा दिया था। इस बार हालांकि अभी तक कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है लेकिन बसपा ने फिर भगवानपुर से चुनाव मैदान में ममता राकेश के देवर सुबोध राकेश को उतार दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस बार भी भगवानपुर सीट पर दिलचस्प मुकाबला हो सकता है।
हरिद्वार की तीन सीटों पर प्रत्याशी का इंतजार
बहुजन समाज पार्टी वैसे तो सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने जा रही है लेकिन पार्टी के आला नेताओं का ज्यादातर फोकस हरिद्वार जिले में देखने को मिल रहा है। दरअसल, बसपा के लिए हरिद्वार जिला जीत की सुनहरी यादों से भरा हुआ है। इस बार पार्टी ने इसी जिले पर सबसे ज्यादा फोकस किया है। हरिद्वार की कुल 11 में से आठ विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। हरिद्वार शहर, बीएचईएल रानीपुर और रुड़की विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा का इंतजार है। खुद पार्टी के अध्यक्ष हरिद्वार जिले से ही चुनाव मैदान में उतरे हैं।