साल का पहला सोमवार जनपद उत्तरकाशी में कांग्रेस के लिए उथल पुथल भरा रहा। कहीं पार्टी में गुट बाजी उजागर हुई तो कहीं पार्टी में नए चेहरे शामिल होने पर कार्यकर्ता मुखर हुए। गंगोत्री विधान सभा सीट पर जीत के लिए आश्वस्त कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आई। एक गुट ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेज गंगोत्री सीट से पूर्व सीएम हरीश रावत को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की।
कांग्रेसियों को यह पत्र सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। जिस पर भाजपा भी चुटकी ले रही है। वहीं निर्दलीय जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण को कांग्रेस में शामिल किए जाने पर जनपद में कार्यकर्ता मुखर होने लगे हैं। दीपक बिजल्वाण यमुनोत्री विधान सभा सीट से दावेदारी भी कर रहे हैं। स्थानीय पदाधिकारियों ने बिजल्वाण को शामिल किए जाने पर पार्टी के उच्चाधिकारियों के समक्ष नाराजगी भी जताई है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजल्वाण को किसी भी कीमत पर पार्टी में स्वीकार न करने की बात कही है।
जिपं अध्यक्ष के खिलाफ मुखर हुए कांग्रेसी
जिला पंचायत अध्यक्ष उत्तरकाशी दीपक बिजल्वाण की कांग्रेस में वापसी के बाद ही गंगा और यमुनाघाटी के कांग्रेस कार्यकर्ता मुखर होने लगे हैं। उनका कहना है कि विवादित नेता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अतोल रावत और उत्तरकाशी जिलाध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत ने फोन पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से बात की है। उन्होंने यमुनोत्री सीट पर बतौर निर्दलीय दावा ठोक रहे जिला पंचायत अध्यक्ष बिजल्वाण को वापस कांग्रेस में लेने का विरोध किया है।