आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें राजनीति करनी नहीं आती है, लेकिन काम करना आता है। हमने दिल्ली तो कोठियाल ने केदारनाथ पुनर्निर्माण में काम करके दिखाया है। भाजपा व कांग्रेस हमें गालियां देते रहे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
परेड ग्राउंड में नवपरिवर्तन रैली में केजरीवाल ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस की तरह मुझे और कर्नल कोठियाल को राजनीति करनी नहीं आती है, लेकिन जनता के हित में कम करना आता है। दिल्ली में सरकार बनने के बाद हमने बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम करके दिखाया है। वहीं, कर्नल कोठियाल ने केदारनाथ में आई आपदा के बाद पुनर्निर्माण में इसे साबित किया है। जनता के हित में काम करने के बाद भी विपक्षी हमें गालियां दे रहे हैं। इससे हमें कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
कहा कि आप ने सत्ता में आने वाले 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए देने की गारंटी दी है, लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री बोल रहे है कि एक हजार रुपये देने से महिलाएं बिगड़ जाएंगी, हमने कहा लाखों डकारने वाले नहीं बिगड़े तो महिलाएं कैसे बिगड़ सकती हैं। आम आदमी पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है।
पहली बड़ी जनसभा
तीन जनवरी को केजरीवाल उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की पहली बड़ी जनसभा को संबोधित किया। वहीं केजरीवाल फिर से नए एलान कर प्रदेश की सियासत को गरमा। सोमवार को केजरीवाल जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे।
एयरपोर्ट पर कुछ देर रुकने के बाद वह देहरादून के लिए रवाना हो गए। यहां से केजरीवाल बीजापुर गेस्ट हाउस गए। बीजापुर में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद वह परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पूर्व सैनिक का सम्मान भी किया गया।
केजरीवाल का यह छठवां का दौरा
उत्तराखंड में केजरीवाल का यह छठवां का दौरा था। जिसमें उन्होंने दो बड़ी घोषणाएं कीं। इससे पहले पांच बार उत्तराखंड का दौरा कर केजरीवाल मुफ्त बिजली, रोजगार, मुफ्त तीर्थ यात्रा और महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की गारंटी दे चुके हैं। इन सभी गारंटी में अब तक 27 लाख से ज्यादा लोग अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
बाबा भीम राव आंबेडकर के बहाने अरविंद केजरीवाल ने दलित वोट पर डोरे डालने की कोशिश की है। केजरीवाल ने कहा कि मैं बाबा आंबेडकर का भक्त हूं और उनकी पूजा करता हूं। आंबेडकर के ऐसे महापुरुष थे, जिन्होंने जीवन में काफी संघर्ष किया। उनका सपना था कि समाज के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले। लेकिन 70 साल तक कांग्रेस व भाजपा ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया। मैं आंबेडकर के सपनों को पूरा करूंगा। एक-एक बच्चे को अच्छी शिक्षा दूंगा।
उत्तराखंड के छठे दौरे पर सोमवार को केजरीवाल ने देहरादून के परेड ग्राउंड में पहली बड़ी रैली में सैनिकों के साथ ही दलित वोट पर डोरे डालने का प्रयास किया। केजरीवाल ने जहां सेना, पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की शहादत पर परिजनों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता देने का एलान किया। वहीं आंबेडकर के बहाने दलित समुदाय के लोगों को साधने की कोशिश की है। केजरीवाल ने कहा कि मैं बाबा आंबेडकर का भक्त हूं और उनकी पूजा करता हूं। जिन्होंने अपने जीवन में बहुत अधिक संघर्ष किया और देश का संविधान बनाया। बाबा ने उस जमाने में शिक्षा पर जोर दिया। लंदन और अमेरिका से दो पीएचडी की। लेकिन आज के जमाने में यह इतना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि बाबा आंबेडकर ने एक या दो विषय में नहीं, बल्कि 62 विषय से एमए किया। जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उनका सपना हर बच्चे को शिक्षा देने का था। 70 साल में कितनी सरकारें आई। लेकिन किसी ने यह सपना पूरा नहीं किया। आम आदमी पार्टी ने पांच साल में दिल्ली के स्कूल ठीक किए। लेकिन मैंने कसम खाई है कि बाबा आंबेडकर का सपना हम पूरा करेंगे। आज दिल्ली में हर गरीब का बच्चा अच्छी शिक्षा पा रहा है। दलित व गरीबों के बच्चे भी डॉक्टर व वकील बनने की पढ़ाई कर रहे हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों का स्तर सुधर रहा है, जो बाबा आंबेडकर का एक सपना था।
उत्तराखंड के हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और रोजगार के मुद्दे पर केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर सियासी प्रहार किया। 23 मिनट के भाषण में जहां केजरीवाल ने सत्ता में आने पर पार्टी के विजन को सामने रखा। वहीं कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि मुफ्त बिजली का फार्मूला सिर्फ मेरे पास है। लेकिन उत्तराखंड के लोगों को फ्री बिजली देने पर भाजपा सरकार के मंत्रियों को मिर्ची लग रहे हैं।
उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए आप की नवपरिवर्तन रैली में केजरीवाल ने भारत माता, इंकलाब और वंदेमातरम के नारों से संबोधन शुरू किया। केजरीवाल ने आधे घंटे से भी कम समय में भाजपा और कांग्रेस पर सियासी तीर छोड़े। वहीं सेना, पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की शहादत पर एक करोड़ की आर्थिक सहायता देने की पांचवीं बड़ी घोषणा की है। केजरीवाल ने कहा कि प्रदेश के हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना भाजपा व कांग्रेस के बस की बात नहीं है। वे सिर्फ अपने लिए सब कुछ फ्री चाहते हैं, जनता के लिए नहीं। लेकिन मैं जो बोलता हूं, जो समझ और तैयारी करने के साथ बोलता हूं। मुफ्त बिजली का फार्मूला उनके पास है। उन्हें भगवान ने वरदान दिया है। भाजपा व कांग्रेस केवल उनकी नकल कर सकते हैं। इसके सिवाए कुछ नहीं कर सकते हैं।
केजरीवाल ने पूछा यहां कितने लोग बेरोजगार हैं, हाथ उठाए। रैली में आए लोगों ने दोनों हाथ खड़े किए। इस पर केजरीवाल ने बोल यहां तो सब बेरोजगार हैं। भाजपा सरकार ने पांच साल में कोई नौकरी नहीं दी है। लेकिन आप सत्ता में आने पर नौकरी देगी। जब तक नौकरी नहीं मिलेगी तक प्रति माह पांच हजार रुपए बेरोजगारी भत्ते के रूप में मिलेंगे। केजरीवाल ने कहा कि चुनाव नतीजे घोषित होते ही अगले दिन नौकरी मांगने के लिए नहीं पहुंच जाना। दिल्ली में आप की सरकार ने 10 लाख युवाओं को नौकरी दी है।
हवाई गारंटी योजना वालों पर उत्तराखंड को भरोसा नहीं : कौशिक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि हवाई घोषणाओं में माहिर दिल्ली के मुख्यमंत्री की दिल्ली में ही पोल खुल चुकी है और उत्तराखंड की जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रचार प्रसार से काम न होकर जमीन पर भी कार्य करना पड़ता है। बरसात में दिल्ली पानी में डूब जाती है तो सर्दियों में कोहरे की चपेट में आ जाती है। पराली के उपचार पर महज 15 हजार के खर्चे को 15 करोड़ प्रचार के नाम पर लुटा दिया गया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
कौशिक ने कहा कि बिजली पानी और अन्य योजनाएं दिल्ली में ही फ्लाप हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सैन्य बहुल प्रदेश में सैनिकों को रिझाने की कोशिश करने वालों ने सर्जिकल स्ट्राइक के समय उत्तराखंड सहित पूरे देश के सैनिकों का अपमान किया था। इसे उत्तराखंड नहीं भूला है। उत्तराखंड में केंद्र के सहयोग से लाखों करोड़ की विकास योजनाएं चल रही हैं, जो अपने प्रदेश में रोजगार मुहैया नहीं कर पाए वो दूसरे प्रदेश में कैसे गारंटी दे सकते हैं।