बैठक के दौरान धरना देने की उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो धरना देने वाले कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाएगी। पार्टी हाईकमान तक उनकी बात को पहुंचाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी व पार्टी हाईकमान निर्णय लेंगे। पर्यवेक्षक का काम टिकट फाइनल करना नहीं है। पार्टी के लिए विरोधी गतिविधियों में कोई लिप्त है या अनुशासनहीनता की जा रही है तो हाईकमान कार्रवाई करेगी। अगर उन्हें कोई तकलीफ है तो बताएं, उसका हल निकाला जाएगा। टिकट वितरण के दौरान आरोप प्रत्यारोप लगते हैं। सबको अपनी बात रखने का प्रजातंत्र में अधिकार है।
-राजेद्र यादव, नैनीताल लोकसभा क्षेत्र चुनाव पर्यवेक्षक, कांग्रेस
टिकट मांगना लोकतांत्रिक अधिकार है : बेहड़
टिकट मांगने का लोकतांत्रिक अधिकार है। कुछ लोगों का आरोप है कि वह दो बार हारे हैं, तो मैं अकेला ही नहीं, पार्टी में 30-40 नेता ऐसे हैं जो दो-दो बार हारे हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कई बड़े नेता हारे हैं। पार्टी की पॉलिसी जो तय करेगी, उस पर मैं सहमत हूं। सात नहीं, सौ भी आ जाएं तो भी मुझे टिकट मांगने से नहीं रोक सकते।
-तिलकराज बेहड़, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, रुद्रपुर
रायशुमारी करने आए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक राजेंद्र यादव ने यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर टिकट को लेकर रायशुमारी की। कहा कि पार्टी में युवा और महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। बुधवार को होटल सोनिया में कांग्रेसियों की बैठक हुई। इस दौरान जसपुर, काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर विधानसभा क्षेत्रों से दावेदारों ने अपने बायोडाटा भी दिए।
इसके बाद पर्यवेक्षक यादव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पार्टी के सच्चे और ईमानदार कार्यकर्ताओं का अहित नहीं होने दिया जाएगा। दावेदारों की बात सुनकर उनके मत, विचार और क्षेत्र में किए गए कार्यों की रिपोर्ट बनाकर हाईकमान को भेजेंगे।
पूरे प्रदेश में अलग-अलग रायशुमारी की जा रही है। सभी विधानसभाओं से टिकट की दावेदारी करने वाले दावेदारों की स्क्रूटनी होगी। पार्टी में युवा और महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। कहा कि पहला सर्वे कर लिया गया है। अब दूसरा सर्वे चल रहा है। दावेदारों के बायोडाटा लिए जा रहे हैं।
उनके नाम पर सर्वे अलग से किया जाएगा। पार्टी रायशुमारी के बाद टिकट वितरण पर निर्णय लेगी। वहां कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद महेंद्र पाल सिंह, जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व विधायक नारायण पाल, सोशल मीडिया प्रभारी शिल्पी अरोरा आदि थे।