2022 के चुनाव को लेकर भाजपा दो चरणों में विजय संकल्प यात्रा की आयोजित करने वाली है। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार से यात्रा की शुरुआत कर दी गई है। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गढ़वाल मंडल की यात्रा का आगाज किया। इस दौरान शंख ध्वनि से यात्रा का आगाज किया गया। यहीं से जेपी नड्डा का रोड शो भी निकाला गया।
यात्रा के दौरान चलते हुए रथ पर ही जेपी नड्डा ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने उत्तराखंड में भाजपा को आशीर्वाद देने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हम डबल इंजन की सरकार लगाकर उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे, जिसके लिए भाजपा पूरी तरह से संकल्पित है। वहीं इससे पहले पंडितों ने शंख ध्वनि से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह का स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद रहे।
सर्दी होने के बाद भी बड़े जोश के साथ पहुंचे कार्यकर्ता
इस दौरान नगर विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि राहुल गांधी की रैली में उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश के लोग पहुंचे थे, लेकिन यहां हो रही रैली में केवल हरिद्वार शहर के लोग इतने आ गए हैं कि यहां मैदान भी कम पड़ गया है। कहा कि कांग्रेस ने 50 साल में हरिद्वार को क्या दिया। कुछ लोगों ने भूपतवाला में राजकीय डिग्री कॉलेज न चले, इसके लिए पूरे जोर लगाए गए लेकिन अब वहां डिग्री कॉलेज चल रहा है। कहा कि इस बार हरिद्वार शहर से भाजपा पिछली बार से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज करेगी।
मौसम खराब और कड़ाके की सर्दी होने के बाद भी भाजपा के कार्यकर्ता बड़े जोश के साथ पंत दीप पार्किंग पर होने वाली रैली में पहुंचे। 19 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बागेश्वर से कुमाऊं मंडल की विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस यात्रा के दौरान भाजपा डबल इंजन सरकार के कार्यों पर जनता से आशीर्वाद मांगेगी। पूरे प्रदेश में संकल्प यात्रा 4500 किमी की दूरी तय करेगी।
प्रदेश के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत
भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि 18 दिसंबर से 5 जनवरी 2022 तक पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के माध्यम से किए गए विकास कार्यों को लेखा जोखा लेकर जनता के बीच जाएगी। केंद्र सरकार ने जहां प्रदेश के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की है।
उत्तराखंड चुनाव 2022: आप ने छेड़ा नए जिलों का राग तो भड़की सियासत की आग, पहले हरीश रावत ने भी किया था एलान
वहीं प्रदेश सरकार ने रोजगार, शिक्षा स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रिवर्स पलायन, गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी, सैन्य धाम समेत कई काम किए हैं। पूरे प्रदेश में 4500 किमी की विजय संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें गढ़वाल मंडल में 2660 और कुमाऊं मंडल में 1890 किमी की दूरी तय की जाएगी। 2017 में लगी आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कार्यक्रम तय किए हैं। इस दौरान लोगों को डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकारों के कार्यकाल की नाकामी को भी जनता की अदालत में उठाएंगे। कांग्रेस की करतूतों का पर्दाफाश किया जाएगा। यात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री व संगठन के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। इस मौके पर विजय संकल्प यात्रा के प्रदेश संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला, डॉ. देवेंद्र भसीन, सुरेश जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, राजीव तलवार, हरीश जोशी, संजीव वर्मा आदि उपस्थित थे।