कौशिक ने कहा कि संगठन की दृष्टि से 11,024 बूथों पर समितियों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ नए दल उत्तराखंड में आने की जल्दबाजी में लगे हैं, जिनका सभी माध्यमों में विरोध हो रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ में दर्शन करने और वहां पर विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करके उन्होंने विश्व को फिर से दिखाया है कि वह बाबा केदारनाथ के अनन्य भक्त हैं। उत्तराखंड के प्रति उनका विशेष और अगाध प्रेम जगजाहिर है।
मोदी सरकार का पूरा आशीर्वाद उत्तराखंड को मिला है। जो परियोजनाएं कभी सोची नहीं जा सकती थी, इन सात साल के अंतराल में उत्तराखंड में वह शुरू हुईं। उन्होंने कहा कि एक बार फिर भाजपा पूरे बहुमत से सत्ता में आएगी, इसके लिए पूरी तैयारी की गई है।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में राजनैतिक प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत एवं भारतीय संस्कृति का मान, सम्मान, स्वाभिमान संपूर्ण विश्व में बढ़ रहा है। सात साल के कार्यकाल में उन्होंने आज देश को उन बुलंदियों तक पहुंचाया है, जो अन्य दल 70 वर्षों तक नहीं पहुंचा पाए।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम धामी ने कहा कि देश में जो कार्य कभी नामुमकिन से प्रतीत होते थे, वह आज पूर्णता की ओर बढ़ रहे हैं। चाहे वो राम मंदिर का मुद्दा हो, धारा 370 का मुद्दा हो, तीन तलाक का मुद्दा हो या शक्तिशाली भारत के सम्पूर्ण विकास की बात हो। मोदी के कार्यकाल में जटिल मुद्दे आसान हो गए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को प्रधानमंत्री का विशेष सहयोग मिला है। उन्होंने राज्य में चल रही केंद्र की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में केंद्र सरकार ने करीब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश के लिए स्वीकृत की हैं। जिनमें से बहुत सी योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और अन्य पर कार्य चल रहा है। हम पहाड़ में रेल का सपना देखते थे, पीएम मोदी ने इस सपने को साकार किया है। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा सामरिक दृष्टि एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसी प्रकार, चार धाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट पर भी तेज गति से काम किया जा रहा है। चार धाम यात्रा उत्तराखंड की लाइफ लाइन है। ये परियोजनाएं, जहां चारधाम यात्रा को सुगम बनाएंगी, पर्यटन को बढ़ावा देगी वहीं हमारी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन भी लाएंगी।
केदारनाथ में पीएम ने कहा कि आने वाले 10 वर्ष उतराखंड के होंगे। इसे ध्यान में रखकर हम 2030 की कार्ययोजना पर काम कर रहे हैं। 2025 में जब उत्तराखंड अपनी स्थापना की रजत जयंती मना रहा होगा, हम उतराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। कहा कि भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में दोबारा भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।