अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना को बड़ा स्कैंडल बताया। उन्होंने कहा कि इसमें इलाज नहीं केवल भ्रष्टाचार हो रहा है। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों और मोहल्लों क्लीनिकों में दिल्ली के लोगों को मुफ्क इलाज दिया जा रहा है। इसमें चाहे 60, 70 लाख या एक करोड़ रुपये इलाज में खर्च आए, सरकार उठा रही है।
चाहे कितने महंगे इंजेक्शन, दवाई और ऑपरेशन या कैंसर कुछ भी हो, सभी फ्री है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत कहते हैं कि दिल्ली में रोजगार नहीं मिला है। वह कहते हैं कि हरीश रावत साहब एक बार दिल्ली आकर तो देख लो। दिल्ली में पोर्टल के माध्यम से एक महीने में दस लाख लोगों के आवेदन आए। इनमें से अधिकांश को उद्योगों, दुकानों आदि में रोजगार दिया गया। मोहल्ला क्लीनिक आदि के माध्यम से भी रोजगार मिल रहा है।
आप नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हरिद्वार दौरे पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि केजरीवाल ने हमेशा ही देश विरोधी तत्वों के सुर में सुर मिलाने और तुष्टीकरण की राजनीति की है। अब चुनाव से ठीक पहले उत्तराखंड में जिस तरह घोषणाएं कर रहे हैं। उस पर प्रदेश के लोगों को भरोसा नहीं है।
कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक तीर्थ की बात करने वाले केजरीवाल हमेशा राम मंदिर के विरोधियों के सुर में सुर मिलाते रहे हैं। अचानक उनका सनातन में आस्था और भक्ति में विश्वास का जागृत होना चुनावी महत्वाकांक्षा से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि सैन्य बहुल उत्तराखंड के लोग उनके सर्जिकल स्ट्राइक में सुबूत मांगने और देश द्रोहियों की पैरोकारी करने से भी व्यथित हैं। कोरोना काल में भी वह उत्तराखंड के कोटे के ऑक्सीजन सिलिंडर और जरूरी दवाओं के कोटे को भी कालाबाजारी के लिए डंप कर चुके हैं।
केजरीवाल के अस्पतालों को लेकर झूठे दावों की पोल कोरोना के समय खुल चुकी हैं। पराली को लेकर घोटाला भी सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि पहले केजरीवाल को दिल्ली की स्थिति को व्यवस्थित करना चाहिए। प्रदूषण के चलते लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है।