पूर्व सीएम हरीश रावत आठ नवंबर से कुमाऊं दौरे पर रहेंगे। वह आठ नवंबर को शीशमहल काठगोदाम में राज्य स्थापना के पूर्व दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव खजान पांडे ने बताया कि नौ नवंबर को रावत 10 बजे से 11 बजे तक गोरा पड़ाव में तीनपानी-लालकुआं क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण नहीं करने के विरोध में सांकेतिक मौन उपवास करेंगे। 11 बजे के बाद हल्दूचौड़, बिंदुखत्ता में पदयात्रा कर आपदा पीड़ितों से भेंट करेंगे। उसके बाद सितारगंज में राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसी दिन कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में दलित बस्तियों, ग्रामीण क्षेत्रों में पदयात्रा करेंगे। बंदोबस्ती गांव कालाढूंगी में चौपाल लगाएंगे और रात्रि विश्राम भी बंदोबस्ती गांव कालाढूंगी में करेंगे। 10 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली और यशपाल आर्य व संजीव आर्य के स्वागत समारोह में भाग लेंगे।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि रुद्रपुर-काठगोदाम हाईवे का काम चल रहा है। बाईपास रोड पर बरसात के समय गड्ढे हुए थे। उन्हें भरने का काम तीन नवंबर से शुरू किया गया था। दिवाली बड़ा पर्व है, इसे सभी लोग मनाते हैं। इसके कारण काम रुका था, पुन: काम शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस की सोच विकास विरोधी है, वह विकास के कार्यों में अवरोध उत्पन्न करती है।