आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड में जिताऊ प्रत्याशियों की खोजबीन के लिए एआईसीसी की ओर से गठित स्क्रीनिंग कमेटी ने कवायद शुरू कर दी है। बुधवार स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस के जिला व शहर अध्यक्षों एवं पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई।
बंद कमरे में पांच अलग-अलग बैठकें
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय राजीव भवन में प्रात: साढ़े नौ बजे शुरू हुआ बैठकों का दौर शाम चार बजे तक चलता रहा। इस दौरान स्क्रीनिंग कमेटी ने बंद कमरे में पांच अलग-अलग बैठकें लीं। जिसमें कमेटी के चेयरमैन अविनाश पांडेय, सदस्य डॉ. अजोय कुमार, विरेंद्र सिंह राठौर, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत, सहप्रभारी राजेश धर्माणी एवं दीपिका पांडेय सिंह उपस्थित रहीं। स्क्रीनिंग कमेटी के साथ कार्यकारी अध्यक्षगणों एवं जिला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष, पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की गई।
चुनाव 2022: 25 नवंबर को हरिद्वार से कर्नल कोठियाल करेंगे आप की मुफ्त तीर्थयात्रा योजना का शुभारंभ
इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विचार विमर्श के साथ प्रत्याशियों के चयन में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया पर मंथन किया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चूंकी कमेटी की यह पहली बैठक थी, इसलिए इसमें काफी हद परिचय सत्र ही चलता रहा। सदस्यों और पदाधिकारियों की ओर से जो सुझाव आए, उन्हें कमेटी ने नोट किया।
प्रदेश कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक में यह भी हुए शामिल
प्रदेश कांग्रेस कोर कमेटी के सदस्य पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य, काजी निजामुददीन, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जीतराम, तिलकराज बेहड़, रणजीत सिंह रावत, भुवन कापड़ी, प्रकाश जोशी, नवप्रभात, सुरेंद्र सिंह नेगी, मयूख महर, मनीष खंडूरी, आदेश चैहान, ममता राकेश, आर्येन्द्र शर्मा ने प्रतिभाग किया।
कांग्रेसी उम्मीदवारों पर लगेगी कार्यसमिति की आखिरी मुहर
विधानसभा चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन अविनाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) लेगी। इससे पहले कमेटी के सदस्य राज्य की 70 विधानसभा सीटों का जायजा लेने के साथ गढ़वाल और कुमाऊं में अलग-अलग बैठकें आयोजित करेंगे।
बुधवार को मैराथन बैठकों के बाद अविनाश पांडेय ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन के लिए कमेटी की पहली बैठक में प्रत्याशियों के चयन के तौर-तरीकों पर मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी सशक्त महिलाओं, कर्मठ युवाओं और जुझारू कार्यकर्ताओं को मौका देगी। किसी भी प्रत्याशी को टिकट दिए जाने से उसकी पूरी छानबीन की जाएगी। जनता की राय भी ली जाएगी।
पांडेय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर प्रदेश चुनाव समिति के विचार के बाद स्क्रीनिंग कमेटी छानबीन कर रिपोर्ट सीडब्ल्यूसी को सौंपेगी। टिकट के सभी दावेदारों से भी अलग से बात की जाएगी। जिन सीटों पर दो या अधिक प्रत्याशी सामने आ रहे हैं, सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य डा. अजोय कुमार, सदस्य विरेंद्र सिंह राठौर, सहप्रभारी राजेश धर्माणी एवं दीपिका पांडेय सिंह, एआईसीसी प्रवक्ता जरिता, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि आदि उपस्थित थे।