भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों व विस्तारकों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमारा उद्देश्य संगठित होकर एक दल के रूप में जनहित और समाज के लिए समर्पण भाव से कार्य करना है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के ही नहीं, बल्कि विश्व के सर्वश्रेष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।
प्रदेश संगठन पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, सह प्रभारियों व विधानसभा विस्तारकों की बैठक में नड्डा ने कहा कि भाजपा वर्ष-2022 के विजय अभियान की ओर बढ़ रही है। भाजपा की असली ताकत बूथ पर बैठा कार्यकर्ता है, जो चुनाव को बदलने की ताकत रखता है। देश में करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिवार देश और राज्य में समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और विधानसभा विस्तारकों से कहा कि संगठन की ओर से मिले कार्यों पर पूर्ण ताकत झोंक दें। नड्डा ने कहा कि इससे विपक्षी दल चुनावी पक्षी बनकर छटपटाते दिखेंगे।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपने कार्यकर्ताओं के बल पर ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। कार्यकर्ताओं के बल पर ही 2022 का विधानसभा चुनाव जीता जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2022 की विजय प्रदेश के लिए एक बड़ा संदेश लेकर आएगी। विपक्षी दलों के पास न इस तरह का संगठन है और न कार्यकर्ता। इससे पूर्व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश सह संयोजक भारतभूषण चुघ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
नड्डा का काफिला रोकने की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का काफिला रोकने की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। काफिला गुजरने तक पुलिस ने उन्हें रोके रखा। मंगलवार को कांग्रेसी डीडी चौक पहुंचे और छह सूत्री मांगों को लेकर हाइवे किनारे धरने पर बैठ गए। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि बाढ़ आपदा से व्यापारी और किसान प्रभावित हुआ है। हरियाणा, पंजाब और यूपी प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए। इन राज्यों से दान में आए रुपयों से भी अभी तक प्रभावितों की आर्थिक सहायता नहीं की गई। उन्होंने आपदा पीड़ितों का दोबारा सर्वेक्षण कराकर मुआवजा देने, किसानों को जल्द मुआवजा देने, सब्सिडी के साथ खाद उपलब्ध कराने समेत अन्य मांगें उठाईं।
इस बीच वहां से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का काफिल गुजरा तो कांग्रेसी सड़क पर आने लगे, जिन्हें मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। काफिला गुजरने के बाद कांग्रेसी दोबारा धरने पर बैठ गए। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, संदीप चीमा, कामेश्वर सिंह जेटली, अरुण पांडे, मोनिका ढाली, सुशील गाबा, सपना गिरी आदि थे।