भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए कई एलान किए हैं। बलिदानी सैनिकों की बेटियों के लिए वर्तमान विवाह अनुदान राशि को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये करने की घोषणा की गई है। जबकि स्कूली शिक्षा में पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए विशेष छात्रवृत्ति को 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये करने का वादा किया गया है।
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि पूर्व सैनिकों को आसान ऋण प्रदान करने के उद्देश्य से जनरल बिपिन सिंह रावत पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट की स्थापना की जाएगी। पांच लाख रुपये तक के ऋण के लिए 50 फीसदी की सीमा तक गारंटीकृत कवर प्रदान करेंगे। सरकारी नौकरियों में पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित सभी सीटों में 70 फीसदी सीटें नॉन लैप्सेबल होगी।
पूर्व सैनिकों के लिए पूर्व शिक्षण की मान्यता प्रदान करने के लिए मेजर सोमनाथ शर्मा स्किल सर्टिफिकेशन योजना शुरू करेंगे। उपनल के माध्यम से नियुक्त पूर्व सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए नई नीति बनाएंगे। पूर्व सैनिकों को सशस्त्र बलों से सेवानिवृत्ति के समय 50 हजार रुपए के एकमुश्त वित्तीय अनुदान के साथ ही जॉब किट दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Assembly Elections : भाजपा का दृष्टिपत्र यानी डबल इंजन शक्ति, हिंदुत्व की भक्ति
पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए विशेष छात्रवृत्ति में वृद्धि करते हुए स्कूली शिक्षा में 80 फीसदी या इससे अधिक अंक लाने पर छात्रवृत्ति 12 हजार से बढ़ाकर 60 हजार, स्नातक में 15 हजार से बढ़ाकर 75 हजार, स्नातकोत्तर में 18 हजार से बढ़ाकर 90 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा।
शहीद जवानों के बच्चों की कोचिंग के लिए पांच लाख का ब्याज मुक्त ऋण
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि शहीद जवानों के बच्चों को एनडीए, यूपीएससी आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए पांच लाख रुपये ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। इसके अलावा शहीद जवानों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति की राशि में वृद्धि की जाएगी।