भारी बारिश से आई आपदा में सड़क, कृषि, औद्यानिकी समेत अन्य नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार का अंतर मंत्रालयी दल दो दिवसीय भ्रमण पर जिले में पहुंच चुका है। टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया।
गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर पांच सदस्यीय टीम ने चार धाम प्रोजेक्ट के तहत पिथौरागढ़ से घाट तक बनी बारहमासी सड़क समेत पीएमजीएसवाई के तहत बनी सड़कों और जिले के विभिन्न क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान पांच सदस्यीय दल ने डीएम, एसपी, सीडीओ और सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ जिला मुख्यालय के पास जीआईसी से सुकौली-चमाली सड़क मार्ग और पिथौरागढ़-घाट बारहमासी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
टीम ने डीएम और सड़क निर्माण विभाग और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुई क्षति की जानकारी ली। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने भारत सरकार से आई टीम के सदस्यों को जिले में हुए नुकसान की विभागवार जानकारी दी। टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्र धारचूला, डीडीहाट, पिथौरागढ़ का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान की जानकारी भी ली। निरीक्षण टीम में वरिष्ठतम अधिकारी भारत सरकार संजीव जिंदल, सचिव आपदा उत्तराखंड शासन एसए मुरुगेशन, एनएच के क्षेत्रीय अधिकारी वीरेंद्र सिंह खैरा, वरिष्ठ अधिकारी पूजा, एसबी तिवारी, एसपी लोकेश्वर सिंह, डीएफओ डॉ. विनय कुमार भार्गव, सीडीओ अनुराधा पाल, एडीएम फिंचा राम चौहान, एसडीएम अभय प्रताप आदि मौजूद रहे।
विभागीय परिसंपत्तियां क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियां क्षति की अनुमानित लागत
सड़कें/मोटर मार्ग 157 7119.08
सिंचाई 99 1793.22
राजकीय/विद्यालय भवन 92 547.86
नगर पालिका -- 500.00
जिला पंचायत राज 179 241.01
पेयजल लाइन 111 225.50
विद्युत लाइन 49 32.88
उद्यान 30 30.00
केएमवीएन 07 29.00
निजी भवन 20 18.00
मत्स्य तालाब 09 06.64
लघु डाल 01 10.00
नोट ... क्षति की अनुमानित लागत लाख रुपये में है।