देहरादून में इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट अकेडमी में मिड टर्म प्रशिक्षण के लिए बुलाए गए यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के 11 वरिष्ठ अधिकारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। आईएफएस अधिकारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उन्हें एकेडमी में ही क्वारंटीन कर दिया गया है।
रिपोर्ट आने से पहले ही देहरादून आए थे अधिकारी
विभिन्न राज्यों के 40 आईएफएस अधिकारियों को मिड टर्म ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया था। इन अधिकारियों को पहले लखनऊ आईआईएम में मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के बाद नई दिल्ली भेजा गया था। नई दिल्ली में सभी अधिकारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया तो छह अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही सभी अधिकारी देहरादून पहुंच गए थे।
एकेडमी में ही आया था प्रदेश का पहला मामला
उत्तराखंड में कोरोना का सबसे पहला मामला इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी के ही ट्रेनी अधिकारियों में सामने आया था। उस वक्त ट्रेनी आईएफएस अधिकारियों का दल स्पेन समेत कई यूरोपीय देशों के भ्रमण पर गया था।