केदारनाथ के नाम पर देश में दूसरा मंदिर नहीं बनेगा : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि केदारनाथ और चारों धामों में किसी भी धाम के नाम पर देश में कहीं दूसरा मंदिर नहीं बनेगा। प्रदेश मंत्रिमंडल ने इस संबंध में निर्णय ले लिया है।
मुख्यमंत्री रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। कहा, कोई भी केदारनाथ धाम का गलत उपयोग अब नहीं कर पाएगा। हमने मंत्रिमंडल में प्रस्ताव लाकर सर्वसम्मति से निर्णय ले लिया है। पिछले दिनों दिल्ली में मंदिर बनाने वालों को स्पष्ट कह दिया गया है कि केदारनाथ मंदिर के नाम का बिल्कुल भी प्रयोग न करें, किसी अन्य नाम से मंदिर का निर्माण करें।
मुख्यमंत्री ने कहा, केदारखंड के सभी मंदिरों का विकास किया जा रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने को पांच करोड़ तक की पर्यटन विकास से संबंधित योजनाओं पर 1.50 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने का निर्णय भी राज्य मंत्रिमंडल ने लिया है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में होटल, होम स्टे सहित अन्य पर्यटन योजनाओं के विकास में मदद मिलेगी तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जल्दी ही आप लोखूं तै मिलुणों रुद्रप्रयाग औलु : सीएम
भै-बैणियूं म्यारी दिल से बड़ी इच्छा थै कि आज मि रुद्रप्रयाग मा होण वला कार्यक्रम मा आप सबु का बीच शामिल हों, पर खराब मौसमा बजैह यू संभव नि व्हे सकी। जल्दी ही आप लोखूं तै मिलुणों रुद्रप्रयाग औलु। भाई-बहनों मेरी दिल से बड़ी थी कि में आज रुद्रप्रयाग में होने वाले कार्यक्रम में आप सभी के बीच शामिल रहूं, लेकिन खराब मौसम से यह संभव नहीं हो सका। जल्द ही आप लोगों को मिलने रुद्रप्रयाग आऊंगा। मुख्यमंत्री अगस्त्यमुनि में आयोजित जन मिलन कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्हें मंगलवार को इस कार्यक्रम में शामिल होना था। सारी तैयारी हो चुकी थी, लेकिन मौसम खराब होने से उनका चौपर नहीं उड़ सका, इसलिए सीएम को कैंप कार्यालय से ही जनता को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करना पड़ा।